UP Weather Update: इन दिनों उत्तर प्रदेश में आसमान से आग बरस रही है. हालात ऐसे हैं कि दोपहर के वक्त सड़कों पर लोगों की आवाजाही बंद हो गई है. इस बीच मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक पूरे प्रदेश में हीट वेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. जानिए आपके शहर में कब होगी गरज चमक संग बारिश? भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आज पूरे उत्तर प्रदेश में हीट वेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. इस बीच गरज-चमक संग बारिश की उम्मीद जताई गई है.
भयंकर लू की चेतावनी
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) और लखनऊ आंचलिक मौसम केंद्र ने 22 से 26 अप्रैल तक प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में भयंकर लू की चेतावनी जारी की है. हालात को देखते हुए स्वास्थ्य और प्रशासनिक स्तर पर भी सतर्कता बरती जा रही है, क्योंकि यह गर्मी अब जनजीवन पर गंभीर असर डालने लगी है.
कई जिलों के लिए येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने पूर्वांचल के कई जिलों को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. जिन जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है, उनमें गाजीपुर, बलिया, मऊ, आजमगढ़, वाराणसी, जौनपुर, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, प्रयागराज, कौशांबी, अमेठी, बांदा, फतेहपुर और रायबरेली है. मौसम विभाग ने पश्चिमी यूपी के आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, कन्नौज, हरदोई, फर्रुखाबाद में भी हीट वेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. 26 अप्रैल तक के लिए पूर्वांचल के कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. जबकि, 25 अप्रैल तक के लिए पश्चिमी यूपी के कई जिलों के लिए भी अलर्ट जारी किया गया है. इन सबके बीच राहत की खबर यह है कि 27 अप्रैल को पश्चिमी यूपी के कई जिलों में बारिश और गरज-चमक की संभावना है.
आने वाले दिन और होंगे गंभीर
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर होने वाली है. 24 अप्रैल को लखनऊ, कानपुर, अयोध्या और गाजियाबाद सहित 50 से अधिक जिलों में लू का प्रभाव रहेगा. 25 अप्रैल को हालात सबसे ज्यादा खराब हो सकते हैं, जब करीब 60 जिलों में भीषण लू चलने की संभावना है. इस दिन मेरठ, बागपत, मुरादाबाद, झांसी, जालौन और महोबा जैसे जिले भी इसकी चपेट में आ जाएंगे.
कब बदलेगा मौसम?
मौसम विभाग का कहना है कि 26 अप्रैल को पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों प्रयागराज, वाराणसी, गाजीपुर, जौनपुर, मऊ और बलिया में लू का असर बना रहेगा. 27 से 28 अप्रैल के बीच एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है. इसके प्रभाव से तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है और पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है.
ये भी पढ़ें: जंग की आहट और चीन की चांदी! होर्मुज में ईरान-इजरायल तनाव ने कैसे खोल दी बीजिंग की किस्मत? अरबों डॉलर के मिले ऑर्डर
