UP Heat Wave Alert: उत्तर प्रदेश में आसमान से बरस रही ‘आग’ के बीच मौसम विभाग ने राहत की नई तारीख बताई है. यूपी वालों को जहां पहले 26 अप्रैल से बारिश की उम्मीद थी, वहीं अब मौसम वैज्ञानिकों ने ताजा अपडेट में बताया है कि बादलों के बरसने का सिलसिला अब 27 अप्रैल से शुरू होगा. पढ़िए आज कैसा रहेगा यूपी का मौसम. कई जिलों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है. सूरज की तपिश का असर देर शाम तक परेशान कर रही है. इसी बीच मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटे बाद राहत की संभावना जताई है. मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार देर रात या मंगलवार से मौसम करवट ले सकता है.
पढ़ लीजिए राहत का अपडेट
मौसम विभाग ने यूपी के लिए राहत का नया अपडेट जारी किया है. ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश में बारिश की शुरुआत 27 अप्रैल से होने की संभावना है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण 27 अप्रैल को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में हल्की बारिश शुरू होगी. फिर इसके बाद यह गतिविधि धीरे-धीरे पूर्वी हिस्सों की ओर बढ़ेगी. बादलों और बारिश के चलते तापमान में लगभग 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लू के प्रभाव में कमी आने की उम्मीद है.
राजधानी का भी जान लें हाल
हालांकि, राजधानी लखनऊ में फिलहाल गर्मी से राहत के संकेत नहीं हैं. मौसम विभाग के अनुसार, 27 अप्रैल तक यहां कुछ स्थानों पर लू की स्थिति बनी रह सकती है, लेकिन इसके बाद मौसम में बदलाव के साथ तापमान में गिरावट और हल्की ठंडक महसूस होने की संभावना जताई गई है.
इन जिलों के लिए लू की चेतावनी
जिन इलाकों में लू का असर ज्यादा रहेगा वो हैं…बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, सोनभद्र,चंदौली, वाराणसी, भदोही, गाजीपुर, जौनपुर, हरदोई, फरुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, सुल्तानपुर, अमेठी, अयोध्या, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, कासगंज,आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर और आसपास के इलाके.
कल कैसा था मौसम
रविवार को बांदा 46.6 डिग्री सेल्सियस के साथ लगातार दूसरे दिन प्रदेश में सबसे गर्म जिला रहा. संगमनगरी प्रयागराज में 45.7 डिग्री, अमेठी में 44.7 डिग्री और हमीरपुर में 44.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया. मौसम विभाग ने सोमवार के लिए प्रदेश के 40 जिलों में लू अलर्ट जारी किया है. हालांकि इस बीच राहत की उम्मीद भी जताई गई है. मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार देर रात या मंगलवार से मौसम करवट ले सकता है.
नए पश्चिमी विक्षोभ से होगा बदलाव
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 28 अप्रैल से पश्चिमी यूपी व तराई से शुरू होकर लगभग पूरे प्रदेश में हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं, जिससे तापमान में 3 से 5 डिग्री तक गिरावट आ सकती है। कुल मिलाकर अब अप्रैल के बचे हुए दिनों में लू की परिस्थितियों से फौरी तौर पर राहत की उम्मीद है।
