UP Weather Update Today: उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है. कहीं तेज धूप और उमस लोगों को परेशान कर रही है तो कहीं बादलों की आवाजाही और हल्की बारिश से तापमान में राहत मिली है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के लखनऊ केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार 4 जून 2026 को भी प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल सकते हैं. जानते हैं यूपी का मौसम आज कैसा रहेगा. प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में अधिकतम तापमान 36 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. पश्चिमी और दक्षिणी जिलों में कुछ स्थानों पर तापमान इससे ऊपर भी जा सकता है, जबकि जिन इलाकों में बादल और बारिश की गतिविधियां होंगी वहां तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट संभव है.
कैसा रहेगा पश्चिमी यूपी में मौसम?
गाजियाबाद, नोएडा, ग्रेटर नोएडा,मेरठ, हापुड़,बागपत, बुलंदशहर, मुजफ्फरनगर, शामली, सहारनपुर, बिजनौर, अमरोहा, संभल, मुरादाबाद, रामपुर, अलीगढ़, हाथरस, मथुरा और आगरा में दिन के समय गर्मी और उमस बनी रह सकती है. हालांकि कुछ जगहों पर बादल छाने, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है. हल्की बारिश की गतिविधियां भी कहीं कहीं पर देखने को मिल सकती हैं.
इन जिलों में बारिश की संभावना
प्रयागराज, कौशांबी, प्रतापगढ़, फतेहपुर, बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर, महोबा, जालौन, झांसी और ललितपुर में मौसम मिला-जुला रह सकता है.कुछ क्षेत्रों में तेज धूप और गर्म हवाओं का असर रहेगा, जबकि शाम के समय बादल बनने और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. बुंदेलखंड के कुछ हिस्सों में तापमान अभी भी सामान्य से ऊपर बना रह सकता है. पीलीभीत, शाहजहांपुर, बरेली, बदायूं, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर और आसपास के तराई क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही अधिक रहने की संभावना है. कहीं-कहीं हल्की बारिश और तेज हवा चल सकती है, जिससे तापमान नियंत्रित रह सकता है.
कहां मिलेगी राहत?
अवध और मध्य यूपी में राहत के संकेत दिख रहे हैं. लखनऊ, उन्नाव, कानपुर नगर, कानपुर देहात, रायबरेली, बाराबंकी, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, हरदोई, अमेठी, सुल्तानपुर और अयोध्या में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है. कुछ इलाकों में गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं. इससे अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट दर्ज हो सकती है और भीषण गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है.
पूर्वांचल में बारिश और गरज-चमक के आसार
वाराणसी, गाजीपुर, जौनपुर, चंदौली, मऊ, बलिया, देवरिया, आजमगढ़,कुशीनगर, गोरखपुर, महाराजगंज, संतकबीरनगर, बस्ती, सिद्धार्थनगर और आसपास के जिलों में बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है. कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है.
जानिए तापमान का हाल
प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान 38°C से 39°C के आसपास रहने का अनुमान है. न्यूनतम तापमान: रात का न्यूनतम तापमान 28°C से 29°C तक रह सकता है. दिन का मिजाज: सुबह से आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं, जिससे भीषण गर्मी और लू से लोगों को राहत मिलेगी. राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 38°C और न्यूनतम तापमान 29°C रहने का अनुमान है, साथ ही शाम को मौसम में बदलाव देखा जा सकता है.
ये भी पढ़ें: विनीत राय हत्याकांड का आरोपी बदमाश ढेर, पुलिस ने किया 1 लाख के इनामी का एनकाउंटर
