ईरान लगातार जवाबी हमले कर रहा है. जिसको देखते हुए अमेरिकी दूतावास ने कुवैत में रहने वाले सभी अमेरिकी नागरिकों के लिए सुरक्षा अलर्ट को जारी किया है.
अमेरिका ने जारी किया सुरक्षा अलर्ट
ईरान पर हमले के बाद मिडिल ईस्ट में हालात बदल गए हैं. इजरायल और अमेरिका के संयुक्त हमले पर जवाबी कार्रवाई करते हुए ईरान मिडिल ईस्ट के कई देशों के ऊपर हमला कर रहा है. जिसको लेकर अमेरिका ने कुवैत में रहने वाले सभी अमेरिकी नागरिकों के लिए सुरक्षा अलर्ट जारी किया है. जानकारी के मुताबिक यह अलर्ट मिसाइलों और लगातार बढ़ते हुए खतरों को देखते हुए जारी किया गया है.
घर के अंदर रहने की सलाह
कुवैत में अमेरिकी नागरिकों के लिए अमेरिकी दूतावास ने अलर्ट जारी करते हुए घर के अंदर रहने और दूतावास पर न आने की सलाह दी है. अमेरिकी दूतावास ने हमलों की बढ़ती संभावना और खतरों को देखते हुए यह कदम उठाया है. अमेरिकी दूतावास के अधिकारियों ने नागरिकों को सबसे निचले हिस्से में रहने के लिए और खिड़कियों से दूर रहने के लिए निर्देश दिए हैं.
अमेरिकी दूतावास ने क्या कहा?
- अगर किसी तरह का जोरदार धमाका सुनाई दे, या फिर कभी सायरन बजे तो तुरंत ही किसी सुरक्षित जगह पर जाएं.
- अगर किसी घर या बिल्डिंग के अंदर हैं, तो सबसे नीचे वाले हिस्से में जाएं, जहां पर खिड़कियां या फिर बाहरी दीवारें बेहद कम हों.
- अगर बाहरी इलाकों में हों तो किसी मजबूत चीज के नीचे छिपें.
- अगर छिपना मुमकिन न हो, तो जमीन पर लेटकर सिर को हाथों से ढक लें.
- इंटरसेप्ट किए गए मलबे से भी दूरी बनाए रखें क्योंकि उससे भी खतरा हो सकता है.
अमेरिकी दूतावास ने जारी की एडवाइजरी
ईरान लगातार जवाबी हमले कर रहा है, जिसको लेकर अमेरिकी विदेश विभाग ने कुवैत के अलावा दुनियाभर में मौजूद अमेरिकी नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है. जिसमें अमेरिकी नागरिकों से सावधानी बरतने के लिए कहा गया है. लोगों से कहा गया है कि वे स्थानीय खबरों पर नजर रखें और सैन्य या सुरक्षा बलों के पास सावधानी बरतें. सभी अमेरिकी नागरिकों को ‘स्मार्ट ट्रैवलर एनरोलमेंट प्रोग्राम’ (STEP) के जरिए रजिस्ट्रेशन करने के लिए कहा गया है.
