Uttar Pradesh Draft Voter List: उत्तर प्रदेश में ड्राफ्ट मतदाता सूची अब 6 जनवरी 2026 को जारी होगी, जिससे मतदाता अपने नाम और विवरण की जांच कर सुधार कर सकेंगे. अंतिम सूची 6 मार्च 2026 को प्रकाशित होगी और यह आगामी चुनावों में मान्य रहेगी.

Uttar Pradesh Draft Voter List: उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के सुधार और अद्यतन के लिए निर्वाचन आयोग ने जरूरी बदलाव किया है. पहले यह सूची 1 जनवरी 2026 को जारी होने वाली थी, लेकिन अब ड्राफ्ट लिस्ट 6 जनवरी 2026 को प्रकाशित की जाएगी. इसका उद्देश्य मतदाता सूची को और अधिक सटीक बनाना बताया गया है.
सुधारने या जोड़ने के लिए करें आवेदन
ड्राफ्ट लिस्ट जारी होने के बाद सभी मतदाता अपने नाम, पते की जांच कर सकेंगे. यदि किसी मतदाता को अपनी जानकारी में कोई गलती दिखे या उनका नाम सूची में शामिल न हो, तो वे इसे सुधारने या जोड़ने के लिए आवेदन कर सकते हैं. यह कदम सभी मतदाताओं को मतदान के समय परेशानी से बचाने के लिए उठाया गया है.
निर्वाचन आयोग ने दावा और आपत्तियों की समय-सीमा भी बढ़ा दी है. अब मतदाता 6 जनवरी 2026 से 6 फरवरी 2026 तक अपने दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं. इस दौरान वे गलत मृत मतदाताओं के नाम या दोहरे पंजीकरण जैसी समस्याओं को लेकर आपत्ति दर्ज करा सकते हैं. इस प्रक्रिया में बूथ लेवल अधिकारी और निर्वाचन अधिकारी पूरी निगरानी करेंगे.
अंतिम मतदाता सूची 6 मार्च 2026 को होगी प्रकाशित

ड्राफ्ट सूची में दर्ज किए गए दावे और आपत्तियों का निस्तारण पूरा होने के बाद उत्तर प्रदेश की अंतिम मतदाता सूची 6 मार्च 2026 को प्रकाशित होगी. यह अंतिम सूची आगामी चुनावों में मतदान के लिए मान्य मानी जाएगी. निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं से अपील की है कि वे समय रहते अपनी प्रविष्टियों की जांच करें और किसी भी गलती को सुधारने के लिए निर्धारित समय में कार्रवाई करें.
इस तरह, मतदाता सूची में सुधार और अद्यतन की प्रक्रिया पारदर्शी और सरल तरीके से पूरी होगी. सभी नागरिकों से अनुरोध है कि वे सूची जारी होने के बाद ध्यानपूर्वक अपने नाम, पता और अन्य विवरणों की जांच करें, ताकि भविष्य में मतदान के दौरान किसी भी तरह की दिक्कत न आए। यह कदम लोकतंत्र की मजबूती और सही मतदान सुनिश्चित करने के लिए बेहद जरूरी है.
यह भी पढ़ेंं: मुनीर से लिया टक्कर… पाकिस्तान में पूर्व आर्मी अधिकारी आदिल रजा आतंकी घोषित; बोले- मेरे लिए सम्मान की बात
