उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में कोडीन कफ सिरप मामले में पुलिस ने आरोपी शुभम सिंह की लगभग 1.85 करोड़ रुपए की संपत्ति को जब्त कर लिया है. यह संपत्ति आरोपी की मां नीलम देवी के नाम पर दर्ज है.
शुभम सिंह की 1.85 करोड़ की संपत्ति जब्त
उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में कोडीन कफ सिरप के ममले में लगातार कार्रवाई की जा रही है. अब इस मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस द्वारा इस मामले में फरार चल रहे आरोपी शुभम सिंह की लगभग 1.85 करोड़ रुपए की संपत्ति को अस्थायी रूप से जब्त कर लिया गया है. आपको बता दें कि आरोपी शुभम सिंह गाजीपुर में मौजूद नित्यांश मेडिकल एजेंसी का मालिक है.
लंबे समय से फरार है शुभम
कोडीन कफ सिरप मामले में यह कार्रवाई की गई है. बताया जा रहा है कि आरोपी शुभम लंबे समय से फरार चल रहा है. अब इस मामले में गाजीपुर सदर कोतवाली पुलिस ने ताजा कार्रवाई की है. इस कार्रवाई की जानकारी गाजीपुर पुलिस अधीक्षक ईरन राजा ने मीडिया को दी है. गाजीपुर SP ने बताया कि आरोपी की जिस संपत्ति को दर्ज किया गया है वह भुड़कुड़ा थाना क्षेत्र के धीरजोतपुर गांव में मौजूद है.
मां के नाम पर रजिस्टर्ड संपत्ति
जब्त की गई संपत्ति आरोपी की मां नीलम देवी के नाम के ऊपर रजिस्टर्ड है. ईरन राजा ने बताया कि जब्त की गई संपत्ति को कोडीन कफ सिरप के अवैध कारोबार में कमाए गए पैसों से खरीदा गया था. इस मामले में सदर कोतवाली में गाजीपर की नित्यांश मेडिकल एजेंसी सहित कुल 6 मेडिकल फर्मों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. इस मामले में FSDA की तरफ से ड्रग इंस्पेक्टर ने दर्ज कराया था.
बांग्लादेश के बॉर्डर से मिले कंसाइनमेंट
इस मामले की पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि इस पूरे गिरोह से जुड़े हुए कई कंसाइनमेंट बांग्लादेश के बॉर्डर के पास से भी जब्त हुए हैं. उन सभी कंसाइनमेंट के सीरियल नंबर की जांच करने से यह सामने आ गया कि वे सभी कंसाइनमेंट इसी ग्रुप के द्वारा भेजे गए थे. पुलिस के मुताबिक इस मामले में अभी तक कई आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है. अब पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी शुभम सिंह की 1.85 करोड़ रुपए की संपत्ति को जब्त किया है.
यह भी पढ़ें- नाम पूछा और कर दिया हमला! सहारनपुर में टीचर को बाइक सवार बदमाशों ने पीटा, 16 सेकंड में किए 40 वार
