उत्तर प्रदेश के इटावा में रेलवे ट्रैक के पास में एक बोरे के अंदर से युवक का शव मिला है. बताया जा रहा है कि युवक 2 दिनों से अपने घर से लापता था. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव
उत्तर प्रदेश के इटावा में एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का मामला सामने आया है. जानकारी के मुताबिक भरथना थाना क्षेत्र के बंधा गांव के रहने वाले मनीष यादव प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता था. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. बताया जा रहा है कि मनीष यादव 2 दिनों से लापता था, जिसके बाद में उसका शव चितभवन के पास में फ्रंट कॉरिडोर रेलवे ट्रैक पर बंद बोरे में बरामद हुआ है.
कोचिंग पढ़ने निकला था युवक
परिजनों ने बताया कि मनीष 18 फरवरी को कोचिंग पढ़ने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वह फिर वापस घर पर नहीं लौटा. परिजनों ने काफी तलाश करने के बाद में थाने में उसकी गुमशुदगी भी दर्ज कराई. जिसके बाद में शुक्रवार को सुबह के समय रेलवे ट्रैक के पास में एक बोरे के अंदर से मनीष का शव बरामद हुआ. जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव की पहचान मनीष के रूप में की गई.
पिता ने लगाया हत्या का आरोप
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मृतक मनीष के पिता का आरोप है कि उनके बेटे को पहले किडनैप किया गया, जिसके बाद में उसकी हत्या कर दी गई. मृतक के पिता ने आरोप लगाया कि परिवार के कुछ लोगों ने जमीन को लेकर विवाद चल रहा है, उसी की रंजिश में यह घटना हुई है. आपको बता दें 25 साल का मनीष प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता था.
पुलिस कर रही मामले में जांच
बताया जा रहा है कि उसने जूनियर असिस्टेंट की परीक्षा भी दी थी, जिसकी मेरिट आने वाली थी. परिवार को यह उम्मीद थी कि जल्दी ही उसकी सरकारी नौकरी लग जाएगी. पुलिस ने बताया कि मौके से सभी सबूतों को इकट्ठा किया गया है और मामले में जांच को शुरू कर दिया गया है. इस घटना के बाद से इलाके में आक्रोश का माहौल बना हुआ है. लोग मनीष के हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें- बम के धमाकों से दहला कुन्नूर जिला! 2 अलग-अलग जगहों पर हुए धमाके, एक व्यक्ति घायल, इलाके में भारी पुलिस बल तैनात
