उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले से रहस्यमयी ढंग से गायब हुए एक सब-इंस्पेक्टर का शव अयोध्या के तिहुरा माझा में सरयू नदी के जलस्तर के पास से बरामद हुआ है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
गायब सब-इंस्पेक्टर का शव बरामद
उत्तर प्रदेश के बस्ती से लगभग 4 दिनों पहले दरोगा अजय गौड़ रहस्यमयी ढंग से लापता हो गए थे. जिसके बाद अब सोमवार को अयोध्या के तिहुरा माझा में सरयू नदी के जलस्तर के पास से उनका शव बरामद हुआ है. जिसके बाद में उनकी मौत के पीछे कई सवाल उठने लगे हैं. शव मिलने के बाद जैसे ही उसकी पहचान लापता दरोगा के रूप में हुई, तो पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.
5 फरवरी को हुए थे लापता
जानकारी के मुताबिक सब-इंस्पेक्टर अजय गौड़ परशुराम थाने में तैनात थे, लेकिन 5 फरवरी को वे अचानक से लापता हो गए थे. जिसके बाद उनका लावारिस कार बस्ती के अमहट घाट चौकी के पास मौजूद कुआनो नदी के किनारे खड़ी मिली थी. जिसके बाद में पुलिस की टीम ने गोताखोरों की मदद से कुआनो नदी में सर्च ऑपरेशन भी चलाया था, लेकिन फिर भी अजय का कुछ पता नहीं चला था.
मामले में उठ रहे कई सवाल
इस मामले की जांच के दौरान बस्ती मुख्यालय के सीसीटीवी फुटेज मिले थे, जिनमें अजय को देखा गया था. इस मामले में कई सवाल उठते दिखाई दे रहे हैं. अगर वे मुख्यालय तक पूरी तरह से सुरक्षित थे और उनकी गाड़ी नदी किनारे से मिली थी, तो फिर वो अयोध्या तक कैसे पहुंचे थे? सवाल उठता है कि क्या कोई उन्हें वहां ले गया था या फइर वे खुद ही वहां गए थे? इस मामले में कई सवाल उठ रहे हैं.
पुलिस कर रही मामले की जांच
इस घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता लग पाएगा. इस मामले में पुलिस लगातार हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. पुलिस अधिकारियों का कहा है कि सीसीटीवी और सर्विलांस की मदद से सभी कड़ियों को जोड़ा जा रहा है.
यह भी पढ़ें- ‘दिल्ली बनेगा खालिस्तान’, राजधानी के 9 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल में लिखी गईं भड़काऊ बातें
