उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से में हुई पति की हत्या के मामले में पुलिस ने पत्नी को गिरफ्तार किया है. महिला के ऊपर आरोप है कि उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की हत्या की साजिश रच वारदात को अंजाम दिया था.
उत्तर प्रदेश में रिश्ते शर्मसार
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से रिश्तो को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है. यहां एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की हत्या की साजिश रची. महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी. अब इस पूरे मामले में पुलिस ने कार्यवाही करते हुए मृतक की आरोपी पत्नी को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार हुई महिला की पहचान पूजा के रूप में हुई है.
मृतक के भाई ने दी तहरीर
दरअसल यह पूरा मामला शिमलाना गांव का है. यहां 23 अगस्त 2025 को एक 32 साल के युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी. बताया जा रहा है कि 32 साल के मिंटू को चाकू से गोदकर मौत के घाट उतारा गया था. इस घटना के बाद मृतक मिंटू के बड़े भाई संदीप की तहरीर के आधार पर बड़गांव थाने में मामला दर्ज किया गया था. पुलिस की शुरुआती जांच में सौरभ नाम के व्यक्ति का नाम इस घटना में सामने आया था. जानकारी के मुताबिक मिंटू के ऊपर सौरभ ने ही जानलेवा हमला किया था.
आरोपी व्यक्ति को पहले भेज दिया था जेल
पुलिस ने मामले में कार्यवाही करते हुए सौरभ को इस मामले में पहले ही जेल भेज दिया था. जिसके बाद अब मृतक मिंटू की पत्नी पूजा को पुलिस नेमहेशपुर चौराहे से गिरफ्तार किया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उसे कोर्ट में पेश किया है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस पूरी घटना में पूजा की पूरी भूमिका सामने आने के बाद ही उसे मुकदमे में नामजद किया गया था.
कैसे हुई युवक की हत्या?
इस हत्याकांड की जांच करते समय पुलिस के सामने आया कि मृतक मिंटू की पत्नी का उसके पड़ोसी सौरभ के साथ प्रेम संबंध था. इन्हीं अवैध संबंधों के चलते काफी लंबे समय से मिंटू और सौरभ के बीच विवाद भी चल रहा था. पुलिस ने बताया कि घटना वाली रात को पूजा, मिंटू और सौरभ के बीच विवाद काफी बढ़ गया था. जिसके बाद सौरभ ने गुस्से में आकर मिंटू के ऊपर चाकू से हमला करते हुए पेट पर कई वार किए. इसके बाद में घायल मिंटू को अस्पताल ले जाया गया लेकिन वहां पहुंच कर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया.
