उत्तर प्रदेश से एक दर्दनाक घटना सामने आई है. सहारनपुर के गंगोह थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव में एक दीवार गिर गई. इस दीवार कि चपेट में आने से 2 मासूम बच्चों की मौत हो गई है.
सहारनपुर में गिरी दीवार
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से एक दर्दनाक घटना सामने आई है. सहारनपुर के गंगोह थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव में झुकी हुई एक दीवार अचानक नीचे गिर गई, इस दीवार के मलबे में दबकर 2 मासूम बच्चों की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि दीवार काफी दिनों से झुकी हुई थी और पुरानी हो चुकी थी.
12 साल और 4 साल के बच्चों की मौत
रिपोर्ट के मुताबिक पूरी घटना सहारनपुर के गंगोह थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव की है. यहां दो बच्चे साइकिल चला रहे थे, उसी दौरान गांव की एक पुरानी और झुकी हुई दीवार अचानक से नीचे गिर गई जिसकी चपेट में दोनों मासूम आ गए. दोनों बच्चे इस दीवार के मलबे के नीचे दब गए. बच्चों की पहचान 12 साल के अजमल और 4 साल के शिफान के रूप में हुई है.
बच्चों को डॉक्टर के पास ले गए परिजन
इस पूरे मामले में गंगोह थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि यह दीवार गांव के एक अब्बास नाम के व्यक्ति के मकान की थी, जो काफी समय से झुकी हुई और गिरने की स्थिती में थी. दीवार बच्चों के ऊपर गिरने के बाद मौके के पर अफरा-तफरी मच गई. मौके पर मौजूद लोगों ने मलबे को हटाकर दोनों बच्चों को उसके नीचे से निकला. जिसके बाद परिजन बच्चों को लखनौती स्थित एक निजी क्लीनिक पर ले गए.
दोनों बच्चों ने गवाई जान
क्लीनिक पर पहुंचने के बाद डॉक्टर ने 12 साल के अजमल को मृत घोषित कर दिया. डॉक्टर ने गंभीर रूप से घायल 4 साल के शिफान को सहारनपुर रेफर किया लेकिन उसने रास्ते में ही अपना दम तोड़ दिया. दोनों बच्चों की मौत के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल हो गया है. 12 साल के अजमल और 4 साल के शिफान की मौत की घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. इस पूरे मामले में पुलिस ने बताया कि मृत बच्चों के परिजन किसी भी तरह की कोई कानूनी कार्यवाही नहीं चाहते हैं. पुलिस ने परिजनों की इच्छा के बाद दोनों बच्चों के शव परिजनों के हवाले सौंप दिए हैं.
