उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में आवारा कुत्ते ने एक 14 साल की छात्रा समेत दो लोगों को अपना शिकार बनाया है. दोनों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया.
औरैया में आवारा कुत्ते का आतंक
उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में आवारा कुत्तों का आतंक देखने को मिला है. औरैया के समायन गांव में आवारा कुत्तों ने कक्षा 8 की छात्रा समेत 2 लोगों को अपना शिकार बनाया है. यह पूरा मामला एरवाकटरा थाना क्षेत्र का है. कुत्तों के काटने से दोनों लोग काफी गंभीर रूप से घायल हो गए. जिसके बाद में दोनों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ऐरवाकटरा में भर्ती कराया गया, यहां दोनों के प्राथमिक उपचार के साथ एंटी रेबीज इंजेक्शन भी लगाया गया है.
कोचिंग से घर लौट रही थी छात्रा
जानकारी के मुताबिक समायन गांव के रहने वाले सतेंद्र कुमार की बेटी श्वेता कोचिंग पढ़ने के बाद घर वापस लौट रही थी, लेकिन रास्ते में एक दुकान से कुछ घरेलू सामान लेने के बाद में वह जैसे ही गांव के ही रहने वाले मंशाराम के घर के सामने पहुंची. उसी दौरान अचानक से एक आवारा कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया. जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई. जब छात्रा ने शोर मचाया तो आसपास मौजूद लोगों ने दौड़कर उसकी जान बचाई.
छात्रा के साथ युवक पर भी हमला
जब तक लोगों ने दौड़कर उसकी जान बचाई तब तक कुत्ता उसे काट चुका था. कुत्ते के हमले में छात्रा के होंठ की खाल भी निकल गई जिसके कारण वह गंभीर रूप से घायल गई. जिसके बाद छात्रा को ग्रामीणों ने तुरंत ही इलाज के लिए स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया. जानकारी के मुताबिक छात्रा की उम्र 14 साल है. इसी घटना के दौरान कुत्ते ने गांव के एक युवक पर भी हमला कर दिया. कुत्ते ने 30 साल के मनीष नाम के व्यक्ति के ऊपर हमला कर दिया.
दोनों को कराया गया अस्पताल में भर्ती
कुत्ते के हमले में मनीष भी गंभीर रूप से घायल हो गया. इस मामले को लेकर चिकित्साधिकारी डॉ. मोहित कुमार ने बताया कि घायल छात्रा और युवक को सीएचसी एरवाकटरा लाया गया था. जिसके बाद दोनों का प्राथमिक उपचार किया गया है और दोनों के एंटी रेबीज इंजेक्शन भी लगाया गया है. उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि छात्रा के सिर पर गहरा घाव है, जिसे भरने में समय लग सकता है. घटना के बाद से ही गांव और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है. ग्रामीणों का कहना है कि इस घटना के बाद बच्चे घर से बाहर जाने में डर रहे है.
