Uttar Pradesh Aaj Ka Mausam: उत्तर प्रदेश में आसमान से बरसती आग ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है. आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र ने कल यानी 17 मई के लिए राज्य के कई हिस्सों में लू चलने का अलर्ट जारी किया है. यूपी के बांदा में तो पारा 44.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. प्रयागराज और झांसी में भी तेज गर्मी पड़ रही है. मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में यूपी का मौसम शुष्क रहने की संभावना है. दक्षिणी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में लू चल सकती है. आज लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में आसमान साफ रहने का अनुमान है. कल यानी 18 मई को भी मौसम ऐसा ही रहेगा.
उत्तर-पूर्वी यूपी में बारिश
हालांकि मौसम विभाग ने 20 मई से उत्तर-पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है. लेकिन मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इससे तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं आएगी.
इन जिलों में भीषण लू की चेतावनी
मौसम विभाग द्वारा जारी की गई आधिकारिक लिस्ट के अनुसार, इन क्षेत्रों में लू का सबसे ज्यादा असर देखने को मिलेगा. ये जिले हैं..बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, चंदौली, सोनभद्र, वाराणसी, संत रवि दास नगर, जौनपुर, रायबरेली,कानपुर देहात, कानपुर नगर, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर,झांसी, महोबा और आस पास के क्षेत्र. मौसम विभाग का कहना है कि अगले सप्ताह तक प्रदेश में कहीं भी बड़ी राहत मिलने की संभावना नहीं दिखाई दे रही है.
यूपी में कब आएगा मानसून?
मौसम विभाग के मुताबिक इस बार मॉनसून सामान्य समय से थोड़ा पहले 26 मई तक केरल पहुंच सकता है. अगर मॉनसून की रफ्तार सामान्य रही तो उत्तर प्रदेश में इसकी एंट्री 18 जून के आसपास हो सकती है. जबकि राजधानी लखनऊ में मॉनसून 23 जून तक पहुंचने की संभावना है.
प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि बहुत जरूरी न होने पर दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच घरों से बाहर निकलने से बचें.मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दोपहर के समय गर्म हवाओं का थपेड़ा काफी मजबूत रहेगा. सूर्य की सीधी किरणों और बढ़ते पारे के कारण लोगों को हीट स्ट्रोक का खतरा हो सकता है.
ये भी पढ़ें: ‘ना’ सुनते ही आगबबूला हुआ व्यक्ति! महिला और उसके परिवार पर किया एसिड अटैक; पति और बच्चे भी झुलसे
