Uttarakhand Home Guard scam: उत्तराखंड की धामी सरकार ने बड़ा एक्शन लेते हुए होमगार्ड्स वर्दी खरीद घोटाले में DIG को सस्पेंड किया है. मुख्यमंत्री ने जांच समिति गठित करने के निर्देश दिए हैं.
Dehradun News: उत्तराखंड की धामी सरकार ने होमगार्ड्स और नागरिक सुरक्षा विभाग में वर्दी सामग्री खरीद से जुड़े घोटाले में संलिप्तता पाए जाने पर निदेशक होमगार्ड (डिप्टी कमांडेंट) अमिताभ श्रीवास्तव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. सीएम धामी ने मामले की जांच के लिए संयुक्त जांच समिति गठित करने के निर्देश दिए हैं.
कब का है पूरा मामला
मामला वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 के दौरान होमगार्ड्स के लिए वर्दी सामग्री की खरीदने की प्रक्रिया से जुड़ा हुआ है, जिसमें टेंडर प्रक्रिया में वित्तीय अनियमितताओं के आरोप सामने आए थे. महानिदेशक, होमगार्ड्स और नागरिक सुरक्षा, देहरादून की तरफ से शासन को भेजी गई रिपोर्ट में टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता के अभाव दिखा और नियमों के उल्लंघन की बात सामने आई. महानिदेशक की संतुति पर सीएम धामी ने डिप्टी कमांडेंट को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए संयुक्त जांच समिति गठित करने के निर्देश दिए हैं।
दोषियों के खिलाफ होगी कार्रवाई
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है. किसी भी स्तर पर अनियमितता या भ्रष्ट आचरण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि दोषी पाए जाने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
