Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में कुदरत के दो अलग-अलग रूख देखा जा रहा है. जहां एक ओर मैदानी इलाकों में सूरज की तपिश बढ़ रही है, जिससे तापमान में इजाफा हुआ है. वहीं दूसरी ओर ऊंचे हिमालयी क्षेत्रों में दिसंबर और जनवरी जैसी हाड़ कंपाने वाली ठंड महसूस हो रही है. जानिए अगले कुछ दिनों तक मौसम कैसा रहेगा?
उत्तराखंड मौसम विभाग ने 11 मई के लिए राज्य के उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जैसे पहाड़ी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और 4000 मीटर से ऊपर बर्फबारी का अनुमान जताया है. देहरादून, हरिद्वार समेत मैदानी इलाकों में कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है. कल यानी 12 मई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है कि ओलावृष्टि और 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से आंधी चल सकती है. प्रशासन ने चारधाम यात्रियों को सावधानी बरतने और मौसम अपडेट देखकर ही यात्रा करने की सलाह दी है.
देवभूमि में आज मौसम कैसा रहेगा
उत्तराखंड में नैनीताल, अल्मोड़ा, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग, पौड़ी गढ़वाल, चमोली, पिथौरागढ़ और चंपावत में भारी बारिश और आंधी का येलो अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है. देहरादून में 11 मई को अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचेगा.
मौसम विभाग की मानें तो ऊंची चोटियों पर 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का सिलसिला शुरू हो सकता है. पिछले 24 घंटों के आंकड़ों पर गौर करें तो उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी कम दर्ज किया गया है, जबकि पहाड़ों में यह स्थिति ‘मार्कडली बिलो नॉर्मल’ यानी सामान्य से बहुत अधिक नीचे बनी हुई है. मौसम विभाग (IMD) की रिपोर्ट के अनुसार, रुड़की (हरिद्वार) में सर्वाधिक तापमान 34.0°C दर्ज किया गया, जबकि मुक्तेश्वर (नैनीताल) में न्यूनतम तापमान गिरकर 11.5°C तक पहुंच गया.
जानिए देहरादून में कैसा रहेगा मिजाज?
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून और आसपास के इलाकों जैसे मसूरी में 11 मई को आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है. दून में अधिकतम तापमान 33°C और न्यूनतम 21°C के आसपास रहने का अनुमान है. शाम के समय गरज के साथ हल्की बौछारें पड़ने से मौसम सुहावना हो सकता है. बात करें हरिद्वार और ऋषिकेश की तो यहां पर गर्मी का असर थोड़ा ज्यादा रहेगा, लेकिन आंधी की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता. रुड़की में पारा 34 डिग्री के आसपास रहेगा, जो राज्य में फिलहाल सबसे गर्म इलाका बना हुआ है.
यहां होगी बारिश
नैनीताल, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में बारिश के आसार मौसम विभाग ने जताए हैं. पिथौरागढ़ और बागेश्वर के ऊंचे इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और 3600-4000 मीटर की ऊंचाई पर बर्फबारी हो सकती है.
अधिकांश हिस्सों में ‘ऑरेंज अलर्ट’
मौसम विभाग ने 12 और 13 मई के लिए राज्य के अधिकांश हिस्सों में ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है. इस दौरान बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना जताई गई है. इसे देखते हुए गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से विशेष अपील की है. उन्होंने कहा है कि जो यात्री बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री की यात्रा पर हैं, वे मौसम की ताज़ा जानकारी लिए बिना आगे न बढ़ें.
ये भी पढ़ें: चंबा में खाई में गिरा पर्यटकों का वाहन! 6 की मौके पर मौत और 4 घायल; गुजरात से आए थे लोग
