UP BJP: यूपी में अब भाजपा की नई टीम का फार्मूला तय हो गया है. नई प्रदेश इकाई में जातीय गणित दुरुस्त रखते हुए सभी 6 क्षेत्रों को प्रतिनिधित्व दिया जाएगा. नए क्षेत्रीय अध्यक्षों के जरिए भी बीजेपी जातीय समीकरणों को सजाएगी. जिन क्षेत्रों से मंत्री ज्यादा हैं, वहां के चेहरों की संगठन में भागीदारी कम की जा सकती है. इसके अलावा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की टीम में यूपी के चार चेहरों को शामिल करने की चर्चा जोरों पर है.
सपा के PDA की काट निकालने पर फोकस
ब्राह्मण समाज को साधने और सपा के PDA समीकरण की काट निकालने पर फोकस रहेगा. भाजपा संगठन में लंबे समय से पदों पर बैठे चेहरों की छुट्टी तय मानी जा रही है. प्रदेश टीम में नए महामंत्री, उपाध्यक्ष, मंत्री और क्षेत्रीय अध्यक्ष बनाए जाएंगे. संगठन में एक तिहाई महिलाओं को प्रतिनिधित्व देने की भी तैयारी चल रही है. नई टीम चुनावी प्रबंधन संभालने के साथ केंद्र और राज्य सरकार की योजनाएं जनता तक पहुंचाएगी. वर्तमान प्रदेश टीम में 7 महामंत्री, 18 उपाध्यक्ष और 16 मंत्री शामिल हैं, बड़े बदलाव के संकेत हैं.
बीजेपी संगठन में बड़े बदलाव की तैयारी
यूपी मंत्रिमंडल विस्तार के बाद अब भाजपा संगठन में बड़े बदलाव की तैयारी की जा रही है. पंकज चौधरी की 45 सदस्यीय नई टीम पर 15 मई तक फैसला संभव है. मिशन 2027 को ध्यान में रखकर सभी छह क्षेत्रों को प्रतिनिधित्व देने की रणनीति तैयार की जा रही है. भाजपा का फोकस गैर-यादव ओबीसी और गैर-जाटव दलितों के साथ-साथ उन सवर्ण वर्गों पर भी है जो संगठन में अपनी मजबूत भूमिका चाहते हैं. संगठन में नए चेहरों को जगह देते समय क्षेत्रीय संतुलन (पश्चिम, ब्रज, अवध, काशी, गोरखपुर और कानपुर क्षेत्र) का विशेष ध्यान रखा जाएगा. लंबे समय से समर्पित कार्यकर्ताओं को आयोगों, निगमों और बोर्डों के साथ-साथ संगठन के भीतर महत्वपूर्ण पदों पर एडजस्ट किया जाएगा.
किस मंत्री को कौन सा विभाग
भूपेन्द्र सिंह चौधरी और मनोज कुमार पांडेय को महत्वपूर्ण विभाग मिलना तय हो गया है. वहीं राज्यमंत्री से प्रमोशन पाने वालों में डा. सोमेन्द्र तोमर और अजीत सिंह पाल को भी अहम जिम्मेदारियां दी जाएंगी. सोमेन्द्र तोमर अभी तक ऊर्जा राज्यमंत्री थे. ऐसे में उन्हें प्रमोशन मिलने के बाद इसी विभाग का राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार बनाया जा सकता है. अभी ऊर्जा और नगर विकास जैसे दोनों बड़े विभाग एके शर्मा के पास है.
ये भी पढ़ें: सौरभ बनकर फंसाता था हिंदू लड़कियां! संबंध बनाकर धर्मांतरण के लिए बनाता था दबाव; पुलिस ने गिरफ्तार किया शोएब
