Vande Bharat sleeper train launch in 2026: देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन जनवरी 2026 में गुवाहाटी से कोलकाता के लिए शुरू होगी, जिसमें यात्रियों के आराम और सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा गया है. इसमें 16 कोच, उन्नत सुविधाएं और हाई-स्पीड डिजाइन है

Vande Bharat sleeper train launch in 2026: नई साल की शुरुआत में देशवासियों को रेलवे से बड़ी खुशखबरी मिली है. मोदी सरकार ने देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन गुवाहाटी से कोलकाता के लिए चलाने का फैसला किया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस महीने ही ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि इस ट्रेन में यात्रियों के आराम और सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा गया है.
कब शुरू होगी और कितनी ट्रेनें चलेंगी
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन जनवरी 2026 में ही शुरू हो जाएगी. संभावना है कि इसका उद्घाटन 17 या 18 जनवरी को होगा. अगले छह महीनों में 8 और वंदे भारत स्लीपर ट्रेनें देश के विभिन्न रूटों पर दौड़ेंगी, जबकि पूरे साल में कुल 12 ट्रेनें पटरी पर उतरेंगी. इस ट्रेन के आने से पूर्वोत्तर के लोगों को कोलकाता आने-जाने में काफी सुविधा होगी.

किराया और कोच संरचना
गुवाहाटी से कोलकाता का थर्ड एसी का किराया 2300 रुपये, सेकंड एसी 3000 रुपये और फर्स्ट एसी 3600 रुपये होगा. वंदे भारत स्लीपर में कुल 16 कोच होंगे, जिसमें 11 थर्ड एसी, 4 सेकंड एसी और 1 फर्स्ट एसी कोच शामिल हैं. थर्ड एसी में 611, सेकंड एसी में 188 और फर्स्ट एसी में 24 यात्री सफर कर सकेंगे. ट्रेन की अधिकतम स्पीड 180 किलोमीटर प्रति घंटा है.
सुविधाएं और आराम
ट्रेन की बर्थ विशेष डिजाइन वाली हैं, जिनमें बेहतर कुशन और मुलायम गद्दे लगे हैं. कोचों के बीच आने-जाने के लिए ऑटोमैटिक दरवाजे और जुड़ी गलियारे हैं. उन्नत सस्पेंशन सिस्टम और कम शोर वाली तकनीक से सफर शांत और आरामदायक रहेगा. इसके अलावा कवच एंटी-कोलिजन और इमरजेंसी टॉक-बैक सिस्टम यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे.
साफ-सफाई और आधुनिक डिजाइन

वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में डिसइन्फेक्टेंट तकनीक लगी है, जिससे कोच हमेशा साफ और कीटाणुमुक्त रहेंगे. लोको पायलट के लिए आधुनिक कंट्रोल पैनल और सुरक्षा सिस्टम वाला एडवांस केबिन है. बाहरी एरोडायनामिक डिजाइन ट्रेन को तेज रफ्तार में भी स्थिर रखता है. साथ ही, ऑटोमैटिक बाहरी यात्री दरवाजे सुविधा को और बढ़ाते हैं.
यह भी पढ़ेंं: मुनीर से लिया टक्कर… पाकिस्तान में पूर्व आर्मी अधिकारी आदिल रजा आतंकी घोषित; बोले- मेरे लिए सम्मान की बात
