Thalapathy Vijay CM Swearing-in Ceremony: तमिलनाडु के राज्यपाल ने टीवीके प्रमुख विजय को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया है, जहां वे रविवार सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. कांग्रेस और अन्य सहयोगी दलों के समर्थन से विजय के पास 121 विधायकों का बहुमत है, हालांकि उन्हें 13 मई तक विधानसभा में विश्वास मत हासिल करना होगा.

Thalapathy Vijay CM Swearing-in Ceremony: विजय अब तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं. राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर ने उन्हें सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया है. विजय रविवार सुबह चेन्नई के नेहरू स्टेडियम में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. शपथ ग्रहण समारोह सुबह 10 बजे आयोजित होगा.
इसके साथ ही नई सरकार को 13 मई तक विधानसभा में विश्वास प्रस्ताव भी पेश करना होगा. तमिलनाडु लोक भवन की तरफ से इसकी आधिकारिक जानकारी दी गई है. विजय की पार्टी टीवीके को कई दलों का समर्थन मिलने के बाद सरकार बनाने का रास्ता साफ हुआ है.
सरकार बनाने से पहले विजय राज्यपाल से मिलने पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने बहुमत का दावा पेश किया. विजय ने राज्यपाल को समर्थन देने वाले दलों के पत्र भी सौंपे. उन्हें वीसीके और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग यानी आईयूएमएल का समर्थन मिला है.
इससे पहले कांग्रेस, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी भी टीवीके को समर्थन देने का ऐलान कर चुकी थीं. वीसीके नेता थोल थिरुमावलवन ने भी पार्टी की तरफ से समर्थन पत्र सौंपा. इसके बाद टीवीके नेताओं ने सहयोगी दलों का धन्यवाद किया और कहा कि जनता के समर्थन से नई सरकार बनेगी.
तमिलनाडु विधानसभा में कुल 234 सीटें हैं. इस चुनाव में टीवीके ने 108 सीटों पर जीत दर्ज की थी. हालांकि विजय ने दो सीटों से चुनाव जीता था, इसलिए उन्हें एक सीट छोड़नी होगी. इसके बाद पार्टी की संख्या 107 रह जाएगी. विधानसभा की प्रभावी संख्या 233 हो जाएगी और बहुमत के लिए 117 विधायकों का समर्थन जरूरी होगा. कांग्रेस ने पांच सीटें जीती हैं.
वहीं सीपीआई, सीपीएम, वीसीके और आईयूएमएल को दो-दो सीटें मिली हैं. इन सभी दलों के समर्थन से टीवीके गठबंधन के पास अब 121 विधायकों का समर्थन हो गया है. इससे विजय की सरकार बनने का रास्ता मजबूत माना जा रहा है.
इस बीच तमिलनाडु की राजनीति में विवाद भी शुरू हो गया है. एएमएमके पार्टी के महासचिव TTV धिनाकरण ने राज्यपाल से मुलाकात कर शिकायत दर्ज कराई है. पार्टी ने आरोप लगाया कि उनके विधायक को तोड़ने की कोशिश की गई.
एएमएमके का कहना है कि एक वीडियो के जरिए गलत जानकारी फैलाने की कोशिश हुई है. दिनाकरन ने दावा किया कि वीडियो फर्जी है और इसके पीछे राजनीतिक साजिश हो सकती है. उन्होंने कहा कि इस मामले में कानूनी सलाह लेने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी.
विजय की मुख्यमंत्री पद तक पहुंच को तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव माना जा रहा है. फिल्मी दुनिया से राजनीति में आए विजय ने कम समय में मजबूत जनसमर्थन हासिल किया है. अब उनके सामने सरकार चलाने और चुनावी वादों को पूरा करने की चुनौती होगी.
लोगों की नजर इस बात पर रहेगी कि नई सरकार रोजगार, विकास और जनकल्याण के मुद्दों पर कितना काम करती है. वहीं विपक्ष भी सरकार के हर फैसले पर नजर बनाए हुए है.
