Weather alert india: उत्तर भारत में 22- 23 जनवरी को बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं का अलर्ट है. दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और पहाड़ी राज्यों में मौसम बिगड़ सकता है. दिल्ली में 23 जनवरी से बारिश शुरू होगी, जबकि जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में बर्फबारी की संभावना है.

Weather alert india: दिल्ली समेत देश के कई हिस्सों में अब मौसम बदलने वाला है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने बताया है कि 22 और 23 जनवरी 2026 को उत्तर भारत में बारिश, ओले और तेज हवाओं की संभावना है. दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में गरज के साथ बारिश हो सकती है. कुछ जगहों पर बिजली गिरने का भी अलर्ट है. लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
पहाड़ी राज्यों में भी मौसम बिगड़ सकता है. 22 जनवरी को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना है. इससे तापमान में और गिरावट आ सकती है. पहाड़ों पर सफर करने वालों को खास सावधानी बरतने को कहा गया है. फिसलन और सड़क बंद होने जैसी दिक्कतें भी सामने आ सकती हैं.
राजस्थान में भी पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखेगा. मौसम विभाग ने यहां कई जिलों में अलर्ट जारी किया है. 22 जनवरी को छह जिलों में आंधी और बारिश हो सकती है. कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी संभव है. 23 जनवरी को लगभग दस जिलों में मौसम खराब रहने की चेतावनी है. बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभाग पर सबसे ज्यादा असर पड़ने की उम्मीद है. पहले दिन जोधपुर संभाग के कुछ जिलों में भी इसका प्रभाव रह सकता है.
जयपुर में पिछले 24 घंटों के दौरान हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई है. मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, 22 जनवरी को जोधपुर, बीकानेर और शेखावाटी इलाके में येलो अलर्ट जारी किया गया है. यहां तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. किसानों को फसलों की सुरक्षा पर ध्यान देने की सलाह दी गई है.
दिल्ली में भी बादल छाने लगेंगे. स्काईमेट वेदर के मुताबिक, 22 जनवरी की दोपहर से राजधानी में बादल घने होने लगेंगे. रात तक आसमान पूरी तरह ढक सकता है. 23 जनवरी को दिल्ली में बारिश शुरू होगी. दिन और रात दोनों समय रुक-रुक कर बारिश और गरज-बौछारें हो सकती हैं. 24 जनवरी की सुबह तक बारिश थम सकती है. इसके बाद भी बादल बने रहेंगे. 25 और 26 जनवरी को मौसम थोड़ा साफ होने की संभावना है. हालांकि आगे फिर बारिश की स्थिति बन सकती है.
यह भी पढ़ेंं: मुनीर से लिया टक्कर… पाकिस्तान में पूर्व आर्मी अधिकारी आदिल रजा आतंकी घोषित; बोले- मेरे लिए सम्मान की बात
