Next cm candidates west bengal: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी की ऐतिहासिक जीत के बाद मुख्यमंत्री पद के लिए शुभेंदु अधिकारी, दिलीप घोष और अग्निमित्रा पॉल जैसे नामों पर मंथन जारी है. पार्टी नेतृत्व जल्द ही विधायक दल की बैठक के बाद यह तय करेगा कि बंगाल की कमान किस ‘भूमिपुत्र’ या महिला नेता को सौंपी जाएगी.

Next cm candidates west bengal: पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव में बीजेपी को बड़ी जीत मिली है. पहली बार राज्य में पार्टी ने सत्ता हासिल की है और कमल खिला है. जीत के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यह बन गया है कि राज्य का नया मुख्यमंत्री कौन होगा. पार्टी ने चुनाव से पहले किसी को मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित नहीं किया था. ऐसे में अब कई नेताओं के नाम चर्चा में आ गए हैं. माना जा रहा है कि पार्टी जल्द ही विधायक दल की बैठक कर अंतिम फैसला ले सकती है.
बीजेपी की चुनावी रणनीति में सबसे बड़ी भूमिका प्रधानमंत्री Narendra Modi की रही. उन्होंने पूरे चुनाव अभियान में लगातार रैलियां कीं और जनता से सीधा संवाद किया. बताया जा रहा है कि उन्होंने बंगाल में 20 से ज्यादा सभाएं कीं. इस दौरान वे बंगाली संस्कृति से भी जुड़े दिखाई दिए. उन्होंने प्रसिद्ध स्नैक झालमुरी खाया और बंगाली भाषा में संदेश भी जारी किए. पार्टी का मानना है कि जनता ने मोदी के नेतृत्व पर भरोसा दिखाया और उसी का नतीजा यह बड़ी जीत है.
बीजेपी अब राज्य में मजबूत सरकार बनाना चाहती है. पार्टी के नेता पहले ही कह चुके हैं कि अगर बीजेपी सत्ता में आती है तो मुख्यमंत्री बंगाल का ही होगा. चुनाव प्रचार के दौरान गृह मंत्री Amit Shah ने भी यही बात कई बार दोहराई थी. कुछ नेताओं ने यह भी कहा था कि अगला मुख्यमंत्री मांसाहारी होगा. इसके साथ ही यह चर्चा भी चल रही है कि पार्टी महिला मुख्यमंत्री पर दांव खेल सकती है. अभी दिल्ली को छोड़कर किसी अन्य राज्य में बीजेपी की महिला मुख्यमंत्री नहीं है.
मुख्यमंत्री पद की दौड़ में कई नेताओं के नाम सामने आ रहे हैं. इनमें सबसे प्रमुख नाम शुभेंदु अधिकारी का है. वह पहले Mamata Banerjee के करीबी माने जाते थे. बाद में उन्होंने बीजेपी का दामन थाम लिया. 2021 के चुनाव में उन्होंने नंदीग्राम सीट से ममता बनर्जी को हराकर बड़ी जीत हासिल की थी. इसके अलावा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष का नाम भी चर्चा में है. माना जाता है कि बंगाल में बीजेपी को मजबूत विपक्ष बनाने में उनकी बड़ी भूमिका रही थी.
इसके अलावा कुछ और नेताओं के नाम भी मुख्यमंत्री पद के संभावित उम्मीदवारों में शामिल हैं. इनमें समीक भट्टाचार्य, अग्निमित्रा पॉल और रूपा गांगुली का नाम प्रमुख है. समीक भट्टाचार्य को संगठन में शांत और संतुलित नेता माना जाता है. वहीं अग्निमित्रा पॉल पेशे से फैशन डिजाइनर हैं और पार्टी की बेबाक नेताओं में गिनी जाती हैं. रूपा गांगुली पहले राज्यसभा सांसद रह चुकी हैं और महिला मोर्चा में सक्रिय भूमिका निभा चुकी हैं. इसके साथ ही निशिथ प्रामाणिक का नाम भी चर्चा में है. अब अंतिम फैसला पार्टी नेतृत्व करेगा कि बंगाल की कमान किसे सौंपी जाए.
