PM Modi Sweden Visit 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वीडन पहुंचने पर वहां के लड़ाकू विमानों ने उनके विमान को आसमान में सुरक्षा घेरा दिया और उन्हें सर्वोच्च राजकीय सम्मान ‘रॉयल ऑर्डर ऑफ द पोलर स्टार’ से नवाजा गया. इस ऐतिहासिक दौरे में दोनों देशों के बीच रक्षा, हरित ऊर्जा और व्यापार को मजबूत करने के लिए कई अहम द्विपक्षीय समझौते हुए हैं.

PM Modi Sweden Visit 2026: पीएम मोदी इस समय यूरोप के कई देशों के दौरे पर हैं. इसी यात्रा के दौरान वह स्विडन पहुंचे जहां उनका भव्य स्वागत किया गया. स्वीडन ने प्रधानमंत्री मोदी को अपने देश के सबसे बड़े राजकीय सम्मानों में से एक “रॉयल ऑर्डर ऑफ द पोलर स्टार” से सम्मानित किया. यह सम्मान किसी विदेशी सरकार प्रमुख को दिया जाने वाला बेहद प्रतिष्ठित पुरस्कार माना जाता है. इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी को मिलने वाले अंतरराष्ट्रीय सम्मानों की संख्या 31 तक पहुंच गई है.
जब प्रधानमंत्री मोदी का विमान स्वीडन की सीमा में पहुंचा तब वहां की वायु सेना के ग्रिपेन लड़ाकू विमानों ने उनके विमान को सुरक्षा घेरा दिया. यह किसी विदेशी नेता के प्रति सम्मान और सुरक्षा का खास संकेत माना जाता है. इसके बाद गोथेनबर्ग एयरपोर्ट पर स्वीडन के प्रधानमंत्री Ulf Kristersson खुद उनका स्वागत करने पहुंचे. आमतौर पर किसी देश का प्रधानमंत्री एयरपोर्ट पर जाकर स्वागत नहीं करता. इसलिए इसे विशेष सम्मान के रूप में देखा जा रहा है.
प्रधानमंत्री मोदी और स्वीडन के नेताओं के बीच कई अहम मुद्दों पर बातचीत हुई. दोनों देशों ने अपने रिश्तों को और मजबूत बनाने पर जोर दिया. व्यापार. निवेश. हरित ऊर्जा. नई तकनीक और रक्षा क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई. प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और यूरोप के बीच होने वाला मुक्त व्यापार समझौता उद्योग और निवेश के लिए बड़ा अवसर साबित हो सकता है. उन्होंने भारत और स्वीडन के रिश्तों को लोकतांत्रिक मूल्यों और विकास की मजबूत साझेदारी बताया.
इस दौरान स्वीडन में रहने वाले भारतीय समुदाय ने भी प्रधानमंत्री मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया. सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भारतीय कला और संगीत की झलक देखने को मिली. एक स्वीडिश गायिका ने “वैष्णव जन तो” भजन प्रस्तुत किया. वहीं भरतनाट्यम नृत्य और बंगाली संस्कृति की झलक ने कार्यक्रम को खास बना दिया. प्रधानमंत्री मोदी ने भी सोशल मीडिया पर भारतीय संस्कृति की तारीफ करते हुए लोगों का धन्यवाद किया.
दोनों देशों के बीच व्यापार और तकनीक को लेकर भी बड़ी चर्चा हुई. भारत और स्वीडन ने रक्षा. अंतरिक्ष. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और स्टार्टअप जैसे क्षेत्रों में मिलकर काम करने की इच्छा जताई. जलवायु परिवर्तन और सप्लाई चेन को मजबूत बनाने पर भी बातचीत हुई. माना जा रहा है कि इस दौरे से भारत और स्वीडन के रिश्तों को नई मजबूती मिलेगी. साथ ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की कूटनीतिक स्थिति भी और मजबूत होगी.
