Char Dham Yatra 2026: चारधाम यात्रा के लिए पंजीकरण का आंकड़ा 20 लाख पार हो गया है. गंगोत्री व यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के बाद तीन दिन में 20 हजार से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं. चारधाम यात्रा 2026 को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है. इस बार यात्रा शुरू होने से पहले ही रिकॉर्ड तोड़ पंजीकरण हो चुके हैं. अब तक 20 लाख 66 हजार से अधिक श्रद्धालु अपना रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं, जिससे साफ है कि इस साल यात्रा में आस्था का अभूतपूर्व सैलाब उमड़ने वाला है.
रिकॉर्ड रजिस्ट्रेशन
चारधामों में बाबा केदारनाथ के प्रति भक्तों की सबसे ज्यादा आस्था देखने को मिल रही है.अकेले केदारनाथ धाम के लिए 7 लाख 22 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया है. हर साल की तरह इस बार भी केदारनाथ यात्रा श्रद्धालुओं की पहली पसंद बनी हुई है.
बदरीनाथ धाम के लिए भी भारी उत्साह
भगवान बदरी विशाल के दर्शन के लिए भी श्रद्धालुओं में खासा जोश है. बदरीनाथ धाम के लिए अब तक 6 लाख 9 हजार से अधिक भक्तों ने रजिस्ट्रेशन कर लिया है. इससे साफ है कि बदरीनाथ धाम की यात्रा को लेकर भी भक्तों में गहरी आस्था बनी हुई है.
यमुनोत्री और गंगोत्री में भी बढ़ी संख्या
चारधाम यात्रा के अन्य दो प्रमुख धामों में भी श्रद्धालुओं की संख्या तेजी से बढ़ रही है. यमुनोत्री धाम के लिए 3.50 लाख और गंगोत्री धाम के लिए 3.61 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया है.
हेमकुंड साहिब के लिए भी उमड़ा जनसैलाब
सिखों के पवित्र तीर्थ हेमकुंड साहिब के लिए भी इस बार अच्छी संख्या में श्रद्धालु आगे आए हैं. अब तक 21 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने यहां के लिए पंजीकरण कराया है, जो आने वाले दिनों में और बढ़ने की संभावना है.
ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन जारी
ऑनलाइन के साथ-साथ हरिद्वार और ऋषिकेश में बनाए गए फिजिकल सेंटर्स पर भी ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन जारी है. आज 5,243 तीर्थयात्रियों ने ऑफलाइन टोकन प्राप्त किया, जिससे यह स्पष्ट है कि ऑन-ग्राउंड सुविधाओं का भी भरपूर उपयोग हो रहा है. श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पर्यटन विभाग ने हेल्पलाइन नंबर 1364 जारी किया है. किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए यात्री इस नंबर पर संपर्क कर सकते हैं.
पर्यटन विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में करीब 83 हजार से अधिक श्रद्धालु उत्तराखंड पहुंच सकते हैं. इसके चलते प्रशासन ने सभी तैयारियां तेज कर दी हैं, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो.
अब तक पंजीकरण की संख्या
केदारनाथ धाम- 7.23 लाख!
बदरीनाथ धाम- 6.10 लाख!
गंगोत्री धाम- 3.61 लाख!
यमुनोत्री धाम- 3.51 लाख!
हेमकुंड साहिब- 21,867!
ये भी पढ़ें; नालंदा में हैवानियत: बेटे के सामने मां की हत्या, छाती पर बैठ सिलबट्टे से पीट-पीटकर की पत्नी की हत्या
