झारखंड के गिरिडीह में एक स्कूल के प्रिंसिपल ने नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ करके गलत हरकतें की. पुलिस ने मामले में शिकायत के बाद आरोपी को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है.

प्रिंसिपल ने की नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़
झारखंड के गिरिडीह जिले से एक गंभीर मामला सामने आया है. गिरिडीह के पंचबा थाना क्षेत्र में एक प्राइवेट स्कूल के प्रिंसिपल के ऊपर नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ और गलत हरकत करने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं. पुलिस ने मामले में पीड़िता द्वारा शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रिंसिपल को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है. आरोपी प्रिंसिपल की पहचान मोहम्मद इमामुद्दीन अंसारी के रूप में की गई है.
लंबे समय तक किसी को नहीं बताई बात
पुलिस ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि पंचबा थाना क्षेत्र में रहने वाली एक 14 साल की छात्रा ने आरोप लगाया कि पढ़ाई के दौरान उसके साथ पिछले कई दिनों से प्रिंसिपल छेड़छाड़ और गलत तरह की हरकतें कर रहा है. छात्रा ने डर और शर्म के कारण यह बात कई दिनों तक किसी को भी नहीं बताई. हालांकि 2 दिनों पहले हुई घटना के बाद छात्रा ने घर पर जाकर अपने पिता से कहा कि अब वह स्कूल नहीं जाएगी.
पिता को दी गई स्कूल में धमकी
छात्रा के स्कूल जाने पर मना करने पर पिता ने कारण पूछा, तो छात्रा ने पूरी बात बताई. जिसके बाद परिवार के होश उड़ गए. इस मामले में जब पीड़िता के पिता स्कूल पहुंचे और जानकारी ली, तो उन्हें धमकी दी गई, जिसके बाद उन्होंने पंचबा थाना पुलिस से इस मामले की शिकायत की. पीड़िता की तरफ से आरोपी प्रिंसिपल के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई गई.
पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज
मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तुरंत ही आरोपी प्रिंसिपल को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज करके उसे जेल भेज दिया है. घटना सामने आने के बाद इलाके के लोगों में भारी गुस्सा फूट पड़ा है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में आरोपी को सख्त सजा दिलाई जाएगी.
यह भी पढ़ें- राजधानी में मंडराया हीटवेव का खतरा! CM रेखा गुप्ता का स्कूलों को अलर्ट; इस डेडलाइन तक देनी होगी रिपोर्ट
