राजधानी दिल्ली में गर्मी को देखते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्कूलों को हीटवेव से बचने की तैयारियां करने के निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री ने स्कूलों को शिक्षा निदेशालय को कंप्लायंस रिपोर्ट सौंपने के लिए भी कहा है.

मुख्यमंत्री ने दिए निर्देश
राजधानी दिल्ली में इस समय काफी गर्मी हो रही है. तापमान बढ़ने की उम्मीद के बीच दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्कूलों को हीटवेव से निपटने के लिए तैयारियां करने के लिए निर्देश दे दिए हैं. आपको बता दें कि मुख्यमंत्री ने यह कदम भारतीय मौसम विभाग के येलो अलर्ट जारी करने के बाद उठाया है. विभाग के द्वारा जारी येलो अलर्ट में राजधानी में भीषण गर्मी की आशंका जताई जा रही है.
शिक्षा निदेशालय को सौंपनी होगी रिपोर्ट
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बयान जारी करते हुए कहा है कि सभी स्कूलों को 2 मई तक शिक्षा निदेशालय को कंप्लायंस रिपोर्ट सौंपनी जरूरी है. इस रिपोर्ट में यह बताना होगा कि भारतीय मौसम विभाग की तरफ से जारी हीटवेव सुरक्षा निर्देशों का पालन किया जा रहा है. इसमें सुरक्षित और साफ पानी की लगातार उपलब्धता और हीट से जुड़ी हुई सभी सावधानियों की निगरानी के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति शामिल है.
स्कूलों के टाइम-टेबल में बदलाव
जारी किए गए आदेश के मुताबिक स्कूलों को यह भी कहा गया है कि वह रोजाना की टाइम-टेबल में भी बदलाव करें, जिससे बच्चों को कम गर्मी का सामना करना पड़े. इसी के साथ हीटवेव के चलते बाहर होने वाली शैक्षणिक और शारीरिक गतिविधियों पर भी रोक लगा दी गई है. साथ ही बच्चों को डिहाइड्रेशन से बचाने के लिए वॉटर बेल सिस्टम को लागू किया गया है. जिससे हर 45 से 60 मिनट में पानी पीने के लिए ब्रेक दिए जाएंगे.
यह भी पढ़ें- ‘छत पर ड्रोन गिर गया है…’, बहाना बनाकर घर में घुसा आरोपी; कर दी बुजुर्ग महिला की हत्या
