उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में 3 युवकों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है. आरोपी पुलिस की टीम पर फायरिंग करके भागने की कोशिश कर रहा था.

ट्रिपल मर्डर केस में आरोपी गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में कुछ दिनों पहले एक विवाद के दौरान 3 युवकों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस पूरे मामले में शामिल मयंक सैनी नाम के आरोपी को पुलिस और स्वाट टीम ने एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है. जानकारी के मुताबिक आरोपी पुलिस के ऊपर फायरिंग करके भागने का प्लान बना रहा था और उसके यह कोशिश भी की थी.
पुलिस के ऊपर की थी फायरिंग
अगवाल फाटक के पास कत्ल की बरामदगी के लिए मयंक को ले जाया गया था, यहां उसने पुलिस की टीम पर फायरिंग करके भागने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की और इस दौरान आरोपी के पैर पर गोली लगी. गोली लगने के कारण आरोपी घायल हो गया और पुलिस ने उसे काबू में कर लिया. दरअसल यह पूरा मामला कुछ दिनों पहले का है.
क्या था विवाद?
बुलंदशहर के खुर्जा कोतवाली क्षेत्र में मौजूद एक जिम के अंदर जीतू नाम का युवक अपना जन्मदिन मना रहा था. इसी दौरान केक को लेकर जीतू का मनीष नाम के युवक से विवाद हो गया. यह विवाद इतना बढ़ गया कि जीतू ने मनीष और उसके चचेरे भाई अमरदीप और भतीजे आकाश पर फायरिंग शुरू कर दी. गोली लगने के कारण तीनों की मौके पर ही मौत हो गई.
पुलिस ने किया था मुकदमा दर्ज
इस घटना को लेकर पुलिस ने 10 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था. मामले में अभी तक पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. मामले में डीआईजी कलानिधी नैथानी ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस की टीम मामले में लगातार जांच कर रही है और पुरानी रंजिश जैसे पहलुओं पर भी जांच कर रही है. डीआईजी ने बताया कि पुलिस लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.
यह भी पढ़ें- पेशाब करने को लेकर हुआ विवाद! मारपीट में 2 युवक गंभीर रूप से घायल; शरीर में लगाए गए 35 टांके
