राजधानी दिल्ली में पेशाब करने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि 2 युवकों को हमला करके गंभीर रूप से घायल कर दिया गया. इलाज के दौरान एक युवक के 35 और दूसरे के 9 टांके आए हैं.

पेशाब करने को लेकर हुआ विवाद
राजधानी दिल्ली से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. पूर्वी दिल्ली के मधु विहार इलाके में एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. यहां पेशाब करने को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक रूप में बदल गई. इस घटना के दौरान 2 युवकों के ऊपर चाकू और तलवारों से हमले किए गए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए.
युवक के लगे 35 टांके
इस घटना में घायल युवकों की पहचान विकास यादव और मोहित के रूप में की गई है. घटना में घायल हुए विकास के सिर से लेकर शरीर तक 35 टांके लगाए गए हैं, वहीं मोहित के शरीर पर लगभग 9 टांके लगे हैं. दोनों युवकों का इलाज किया जा रहा है. युवकों ने बताया कि उनकी मुख्य आरोपी संदीप अहूजा से बातचीत हुई थी और वह खुद को बीजेपी का कार्यकर्ता बताता है.
पीड़ितों का आरोप
पीड़ितों के मुताबिक आरोपी की राजनीतिक पहुंच है, जिसके कारण पुलिस उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही है. पीड़ितों का आरोप है कि घटना के बाद जब वे थाने पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें गंभीरता से नहीं लिया. वहीं परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने इस मामले में हल्की धाराओं में केस दर्ज किया है. इस घटना के बाद पीड़ित परिवार में डर का माहौल बना हुआ है.
आरोपी के कई नेताओं के साथ हैं फोटो
परिवार का कहना है कि आरोपी के कई नेताओं के साथ फोटो हैं. जिससे उसकी पहुंच का अंदाजा लगाया जा सकता है. इस मामले में फिलहाल पुलिस जांच की बात कह रही है, हालांकि अभी तक किसी भी तरह की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हो पाई है. वहीं पीड़ित परिवार लगातार न्याय की मांग कर रही है. पुलिस का कहना है कि इस मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें- साइन ऑफ के बाद मौत ने घेरा! टाटानगर में लोको पायलट को मारी गोली; कर्मचारियों में मचा हड़कंप
