Deoria News: देवरिया में मंगलवार रात एक भीषण सड़क हादसे में बिहार के गोपालगंज से बारात में शामिल होने आ रहे पांच लोग दुर्घटना का शिकार हो गए. तेज रफ्तार कार पेड़ से टकरा गई, जिससे तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया. पुलिस शवों को पोस्टमार्टम में भेजने के बाद मामले की जांच में जुटी है.
पढ़िए कहां हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार कार सवार सभी लोग बिहार के एक बारात में शामिल होने के लिए देवरिया के एक गांव में आ रहे थे. जैसे ही उनकी कार बघौचघाट थाना क्षेत्र के हाजी मार्केट के पास पहुंची, अचानक अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार कई लोग अंदर फंस गए. तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि कार में सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. हादसे में गोपालगंज निवासी पिंटू कुशवाहा, पश्चिम चंपारण निवासी शरण सिंह और कुशीनगर निवासी अमित की मौके पर ही मौत हो गई.
गैस कटर की मदद से निकाले गए लोग
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने गैस कटर की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. वहीं घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है.
ये भी पढ़ें: UP Rain Alert: 29 अप्रैल को भीगेगा उत्तर प्रदेश: धूल भरी आंधी और गरज के साथ बौछारें, इन जिलों में गिरेगी बिजली
