हरियाणा के हिसार में एक व्यक्ति ने अपनी ही पत्नी की कपड़े वाली प्रेस से हत्या कर दी. हत्या के बाद आरोपी फरार हो गया, जिसके बाद पुलिस की टीम लगातार आरोपी की तलाश कर रही है.

पति ने की पत्नी की हत्या
हरियाणा के हिसार से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. हिसार के सेक्टर-13 में एक शिक्षिका की उसके ही पति ने हत्या कर दी. बताया जा रहा है कि व्यक्ति ने अपनी पत्नी के ऊपर कपड़े के प्रेस से हमला किया और उसकी हत्या कर दी. मृतका की पहचान संत नगर की रहने वाली सोनिया के रूप में की गई है. घटना का सूचना मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई.
8 साल पहले हुई थी शादी
मृतका की शादी लगभग 8 साल पहले सेक्टर 13 निवासी टूर एंड ट्रैवल का काम करने वाले सौरभ के साथ हुई थी. मृतका एक प्राइवेट स्कूल में शिक्षिका थी. बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जो काफी बढ़ गया. इसी विवाद के कारण सौरभ ने कपड़े वाली प्रेस से अपनी पत्नी के ऊपर हमला कर दिया. बताया जा रहा है कि युवक ने अपनी पत्नी की छाती पर हमला किया और बाद में गाल दबाकर उसकी हत्या कर दी.
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल की गई प्रेस को भी बरामद किया है. घटना के बाद मृतका के परिजनों ने मामले को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं. सोनिया के भाई ने शिकायत दर्ज कराते हुए कहा कि उसकी बहन को काफी समय से दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था.
3 महीने पहले भी दबाया था गला
परिजनों ने आरोप लगाते हुए कहा कि लगभग 3 महीनों पहले भी सोनिया का गला दबाने की कोशिश की गई थी. उस घटना को लेकर पंचायत भी बैठी थी. मामले को लेकर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लगातार जांच की जा रही है. मृतका के भाई की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है. पुलिस ने बताया कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा.
यह भी पढ़ें- मतगणना से पहले बंगाल में सख्ती, राज्य में CAPF की 700 कंपनियां तैनात; चुनाव आयोग की पूरी तैयारी
