कौशांबी न्यूज: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले से एक घटना सामने आई है, जहां रविवार को अचानक चीख-पुकार और मातम में बदल गया. मंझनपुर तहसील के चाकथामा गांव में तालाब से मिट्टी खुदाई के दौरान मिट्टी का एक विशाल टीला ढह गया, जिसकी चपेट में आने से तीन महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. सीएम योगी ने हादसे का संज्ञान लिया है.
कैसे हुआ हादसा?
घटना रविवार सुबह की है, जब चाकथामा गांव के कुछ ग्रामीण स्थानीय तालाब में मिट्टी निकालने के लिए गए थे. ग्रामीण अपनी दैनिक जरूरतों और घर के कार्यों के लिए तालाब के किनारे खुदाई कर रहे थे. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खुदाई के दौरान अचानक ऊपर से मिट्टी का एक बड़ा हिस्सा भरभराकर नीचे गिर गया. वहां काम कर रहे आधा दर्जन लोग संभलने का मौका मिलने से पहले ही मलबे के नीचे पूरी तरह दब गए. मिट्टी ढहते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आस-पास मौजूद ग्रामीणों ने जैसे ही मदद के लिए चीखें सुनीं, वे तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े. बिना किसी देरी के ग्रामीणों ने अपने स्तर पर फावड़े और हाथों से मिट्टी हटाकर दबे हुए लोगों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया. कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक कुदरत अपना कहर बरपा चुकी थी.
तीन महिलाओं की मौत
इस मलबे में दबने से तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गईं. मृतकों की पहचान गीता देवी, बिट्टन देवी और उत्तरा देवी के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, मृतकों में मां-बेटी भी शामिल हैं, जिससे हादसे की त्रासदी और भी गहरी हो गई है. वहीं, इस घटना में घायल हुए अन्य लोगों को ग्रामीणों और पुलिस की मदद से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है.
गांव का माहौल गमगीन
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस बल और तहसील प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए. अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना किया और पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाया. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. इस घटना के बाद से चाकथामा गांव के हर घर में चूल्हा नहीं जला है. पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतकों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की है और अधिकारियों को राहत-बचाव के निर्देश दिए हैं.
ये भी पढ़ें: 4 मई को होगा ‘महा-फैसला’! 823 सीटों पर किसका होगा राज? सुबह 8 बजे से शुरू होगी वोटों की गिनती
