उत्तर प्रदेश के संभल जिले में एक व्यक्ति ने मजे-मजे में डीएम को 17 बार फोन कॉल किया. जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है. व्यक्ति ने बताया कि उसने डीएम के हाल-चाल जानने के लिए फोन किया था.

17 बार किया डीएम को फोन
उत्तर प्रदेश के संभल से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है. संभल के हयातनगर थाना इलाके के सरायतरीन के रहने वाले एक व्यक्ति ने जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पेंसिया को लगभग 17 बार फोन करके परेशान किया. इस आरोप में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान अराफात के रूप में की गई है. बताया जा रहा है कि व्यक्ति ने 2 मई को पूरे दिन ही डीएम को कॉल किए.
आरोपी को भेजा जेल
डीएम को बार-बार कॉल करके परेशान करने के बाद प्रशासन ने इस कार्रवाई को किया है. बताया जा रहा है कि पुलिस ने आरोपी का शांति भंग में चालान करके सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार की अदालत में पेश किया है, जिसके बाद उसे 14 दिनों के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. जानकारी के मुताबिक आरोपी अराफात मानसिक रूप से बीमार है और उसने डीएम को मजे-मजे में कॉल किया था.
मजे-मजे में किया डीएम को फोन
गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ के दौरान बताया कि उसने मजे-मजे में डीएम को कॉल किया था और वह उनके हाल-चाल जानना चाहता था. बताया जा रहा है कि आरोपी ने 2 दिनों पहले समाजवादी पार्टी के सांसद जियाउर्रहमान बर्क की मौजूदगी में एक कार्यक्रम के दौरान शायरी सुनाई थी. हालांकि उसका डीएम को फोन बार-बार करना काफी भारी पड़ गई. युवक को गिरफ्तार करने के बाद मेडिकल परीक्षण के लिए ले जाया गया.
आरोपी ने क्या बताया?
मेडिकल पीरक्षण के दौरान आरोपी ने मीडिया के सामने अपना पक्ष रखा. उसने बताया कि “मैंने तो बस डीएम सर का हाल-चाल पूछने के लिए मजे-मजे में फोन कर दिया था, लेकिन मुझे नहीं पता था कि इतनी बड़ी सजा मिलेगी.” आरोपी ने बातचीत के दौरान यह ड़र भी जताया कि उसे पागलखाने न भेजा जाए, क्योंकि वह पहले भी पागलखाने जा चुका है. फिलहाल आरोपी को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है.
यह भी पढ़ें- बंगाल-असम में सरकार बना रही भाजपा! बीजेपी मुख्यालय पर जश्न की तैयारियां तेज; पीएम मोदी भी करेंगे शिरकत
