उत्तर प्रदेश के शामली जिले में एक युवक का जला हुआ शव जंगल के कुएं से बरामद हुआ है. युवक रात को घेर में सोने के लिए गया था, जहां से वह गायब हो गया.

कुएं से मिला जला हुआ शव
उत्तर प्रदेश के शामली जिले से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है. शामली के झिंझाना थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुरा गांव में एक युवक का जला हुआ शव जंगल के कुएं से बरामद हुआ है. मृत युवक की पहचान 18 साल के गोविंद के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि मृत छात्र ITI की पढ़ाई कर रहा था. युवक का शव मंगलवार को सुबह के समय जंगल के कुएं से बरामद हुआ है.
घेर में सोने गया था युवक
जानकारी के मुताबिक सोमवार रात लगभग 11 बजे युवक घर के पास में मौजूद घेर में पढ़ने और सोने के लिए गया था. जिसके बाद युवक वहीं से संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गया. जिसके बाद 9.30 बजे एक राहगीर ने जंगल में कुएं में जला हुआ शव देखा, जिसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी. मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई.
सुबह बिस्तर पर नहीं मिला युवक
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मृतक के परिजनों के मुताबिक गोविंद रोज की तरह सोमवार रात को भी घेर में सोने के लिए गया था, जिसके बाद मंगलवार सुबह लगभग 5 बजे जब परिजन घेर में पहुंचे तो गोविंद अपने बिस्तर से गायब थे. परिजनों के तलाश करने के बाद भी युवक का कुछ पता नहीं लगा, लेकिन कुछ ही देर बाद कुएं से जला हुआ शव मिलने की खबर आ गई.
पुलिस कर रही मामले में जांच
कुएं से जला हुआ शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया. मामले में जानकारी देते हुए शामली के एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि छात्र के जले हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. आरोपियों की गिरफ्तारी और पता लगाने के लिए टीम को गठित किया गया है. पुलिस की टीम गांव और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है. मामले में पुलिस की टीमें बारीकी से जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें- एक शाम, गायब बच्चा और जंगल में शव! दिल्ली में 13 साल के छात्र की हत्या; जांच में जुटी पुलिस
