उत्तर प्रदेश के बरेली में 11 साल की बच्ची ने दुष्कर्म के बाद सदमे में आत्महत्या कर ली. इस घटना का खुलासा मृतका की छोटी बहन के बयान के बाद हुआ है. पुलिस ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

11 साल की बच्ची ने की आत्महत्या
उत्तर प्रदेश के बरेली से एक घिनौनी और शार्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है. यहां एक 11 साल की मासूम बच्ची ने दुष्कर्म के बाद सदमे में आकर आत्महत्या कर ली. जानकारी के मुताबिक 11 साल की बच्ची के साथ रेप की घटना को अंजाम दिया गया था, जिसके बाद बच्ची सदमे में थी. पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है.
फांसी लगाकर दे दी जान
बरेली की ASP अंशिका वर्मा के मुताबिक यह पूरी घटना 27 अप्रैल को सामने आई थी. इस दिन 8वीं की छात्रा का शव उसके घर में फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला था. इस घटना को लेकर मृतका के परिवार ने शुरुआत में तो इसे आत्महत्या का मामला बताया और पुलिस की कार्रवाई से दूरी बनाकर रखी थी. हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद में मामले की दिशा ही बदल गई.
शरीर पर मौजूद थे यौन उत्पीड़न के निशान
रिपोर्ट के मुताबिक बच्ची के शरीर पर यौन उत्पीड़न के संकेत मौजूद थे. शरीर पर चोटों के निशान मौजूद थे. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्ची की मौत के पीछे का कारण फांसी बताया गया है, लेकिन फांसी लगाने से पहले हुई घटना ने इस मामले को बेहद गंभीर बना दिया है. मामले का खुलासा मृत छात्रा की छोटी बहन के बयान के बाद हुआ है. उसने पुलिस को पूरी घटना के बारे में बताया.
बहला-फुसलाकर किया दुष्कर्म
मृतका की बहन ने बताया कि जीशान नाम का युवक स्कूल के पास घूमता रहता था. युवक बच्ची को पैसे देकर बातचीत छिपाने के लिए कहता था. घटना वाले दिन 26 साल के आरोपी जीशान ने बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने पास बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया. इस घटना के बाद बच्ची सदमे में आ गई और उसने घर जाकर आत्महत्या कर ली. पुलिस ने आरोपी जीशान को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढे़ं- रात में सोया सुबह कुएं में मिला जला शव! शामली में ITI छात्र की रहस्यमयी हत्या; पुलिस कर रही जांच
