महाराष्ट्र के नागपुर में पुरानी कारों के गोदाम में गुरुवार को भीषण आग लग गई. इस घटना में गोदाम में मौजूद लगभग 400 कारों के साथ स्पेयर पार्ट्स और टायर जलकर खाक हो गए.

कार गोदाम में भीषण आग
महाराष्ट्र के नागपुर से एक दुखद घटना सामने आई है. नागपुर में गुरुवार दोपहर को एक पुराने कार के गोदाम में भीषण आग की घटना हुई है. इस घटना में काफी नुकसान हुआ है. बताया जा रहा है कि आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते भयंकर रूप ले लिया और कुछ ही समय में लगभग 400 कारें, स्पेयर पार्ट्स और टायर जलकर राख हो गए. इस घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रगेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई.
कारों के साथ स्पेयर पार्ट्स भी राख
जानकारी के मुताबिक यह पूरी घटना नागपुर के खैरी-कन्हान मार्ग स्थित तारानगर इलाके की है. इस इलाके में पुराने वाहनों के गोदाम में भीषण आग लग गई. बताया जा रहा है कि आग इतनी तेज थी कि कुछ ही समय में पूरा गोदाम आग की चपेट में आ गया. इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया. इस गोदाम में पुरानी कारों के साथ उनके स्पेयर पार्ट्स और टायर के साथ बाकी सामान रखा जाता था साथ ही मरम्मत की गई पुरानी गाड़ियों को भी रखा जाता था.
दूर से दिख रही थीं लपटें
घटना को लेकर प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गुरुवार को दोपहर के समय अचानक से गोदाम से धुआं उठता हुआ दिखाई दिया था. जिसके बाद कुछ ही समय में आग तेजी के साथ फैलने लगी और उसने पूरे गोदाम परिसर को अपनी चपेट में ले लिया. बताया जा रहा है कि आग इतनी भीषण थी कि ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार काफी दूर से दिखाई दे रहा था.
मौके पर पहुंची दमकल की 15 गाड़ियां
घटना के समय गोदाम में कर्मचारी भी मौजूद थे, जिन्होंने गोदाम से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई. घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग मौके पर पहुंचा. मौके पर दमकल की लगभग 15 गाड़ियां पहुंच गईं. जिसके बाद कई घंटों की मेहनत करने के बाद भीषण आग के ऊपर काबू पाया गया. हालांकि तब तक गोदाम में मौजूद लगभग 400 पुरानी कारें पूरी तरह से जलकर खाक हो गई थीं. पुलिस और फायर विभाग की टीम आग लगने के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें- यमुना किनारे बड़ा एक्शन! ओ-जोन में अवैध कब्जों पर चलेगा बुलडोजर; मौजूद हैं 310 रेजिडेंशियल स्ट्रक्चर्स
