UP Rain Alert: उत्तर प्रदेश में आज, 8 मई 2026 को मौसम मिला-जुला रहने वाला है. प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी-तूफान और हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. लखनऊ समेत कई जिलों में बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक का सिलसिला अभी थमता नजर नहीं आ रहा. मौसम विभाग ने अगले 24 से 48 घंटों के लिए प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी-तूफान और बारिश का बड़ा अलर्ट जारी किया है. खासकर तराई के इलाकों और पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है.पढ़िए पूरे प्रदेश के मौसम का हाल.
आज कैसा रहेगा मौसम
यूपी में 8 से 9 मई तक आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया गया है. तराई क्षेत्र और आसपास के पूर्वी जिलों में गरज के साथ छिटपुट बारिश होने की संभावना है. 8 मई के बाद शुष्क मौसम बने रहने की संभावना है. राज्य भर में बिजली चमकने और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है.
लखनऊ का मौसम
लखनऊ में गुरुवार को दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रही और कई जगह बारिश भी हुई. मौसम केंद्र के अनुसार यहां अधिकतम तापमान करीब 29 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि अगले 24 घंटों में हल्की बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं. सात दिन के पूर्वानुमान में 8 मई से 13 मई तक तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है
इन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश
बलरामपुर और सिद्धार्थनगर जिलों में 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के साथ भारी बारिश और बिजली गिरने की प्रबल संभावना है. इसके अलावा बलिया, गाजीपुर, कुशीनगर, महाराजगंज और मऊ में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. यहां गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश हो सकती है. अधिकतम तापमान 34°C से 37°C के बीच रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 22°C से 24°C तक जा सकता है. आईएमडी (IMD) के अनुसार, तराई क्षेत्रों और पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों में गरज-चमक के साथ छिटपुट बारिश हो सकती है. राज्य भर में 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली चमकने की संभावना है. दिन के दौरान आसमान में आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे, हालांकि धूप भी निकलेगी.
लौटेगी चुभती गर्मी
मौसम विभाग का कहना है कि 8 मई के बाद प्रदेश में मौसम एक बार फिर शुष्क होना शुरू हो जाएगा. आंधी और बारिश का दौर थमने के बाद आसमान साफ होगा और सूरज के तेवर फिर से तल्ख होने लगेंगे. यानी आने वाले दिनों में लोगों को फिर से भीषण गर्मी और लू का सामना करना पड़ सकता है.
ये भी पढ़ें: DMK और AIADMK के गठबंधन की अटकलों के बीच TVK का बड़ा फैसला, 108 विधायक छोड़ देंगे पद! जानें इस्तीफे से क्या होगा असर?
