UP Aaj ka mausam: उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर करवट लेने वाला है. मौसम विभाग के मुताबिक 10 मई को पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लेकर मध्य, बुंदेलखंड और पूर्वी हिस्सों पर बादलों की आवाजाही शुरू होगी और बारिश से तापमान में कई डिग्री सेल्सियस की कमी आएगी. मौसम विभाग की मानें तो 10 से 14 मई के दौरान मौसम में बड़ा बदलाव दिख सकता है. इस दौरान कई जिलों में मेघ गर्जन के साथ तेज आंधी और बारिश की संभावना है. इस बीच 40 से 50 किमी. की रफ्तार से हवाएं चलने, कहीं-कहीं ओले गिरने और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा.
कैसा रहेगा यूपी में मौसम?
यूपी के प्रमुख शहरों में 10 मई को मौसम फिलहाल शुष्क और गर्म रहने वाला है. लखनऊ-कानपुर-आगरा में उमस बेचैनी बढ़ाएगी. आगरा में अधिकतम तापमान 34 डिग्री जबकि कानपुर और लखनऊ में 36 से 37 डिग्री तक पहुंच सकता है. बांदा में गर्मी सबसे ज्यादा असर दिखाएगी जहां तापमान 40 डिग्री के आसपास रहेगा. लखनऊ समेत कई जिलों में उमस भरी गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. दिन के तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है. IMD की वेबसाइट के मुताबिक 10 मई को अधिकतम तापमान 36 डिग्री रहेगा और 15 मई तक 42 डिग्री तक पहुंचने की आशंका है.
गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना
13 मई से पश्चिमी विक्षोभ के असर से यूपी के कई शहरों में बादल छाए रहने और गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना है. IMD ने कानपुर, आगरा और लखनऊ के लिए 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं और बिजली चमकने की चेतावनी जारी की है.
मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश में मौसम अस्थिर बना हुआ है. मौसम विभाग ने खास तौर पर बुंदेलखंड, तराई और पूर्वांचल के कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है. किसानों को सलाह दी गई है कि खराब मौसम की आशंका को देखते हुए कटाई और भंडारण का काम सावधानी से करें.
ये सबसे गर्म शहर
मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी अपडेट के अनुसार शनिवार को झांसी, जालौन, महोबा और ललितपुर प्रदेश के सबसे गर्म शहरों में शामिल हैं, जहां तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया. प्रयागराज में 36 डिग्री और फुरसतगंज में 35.8 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया. मेरठ में 33.2 डिग्री, बहराइच में 32.4 डिग्री, बरेली और गोरखपुर में 32 डिग्री तापमान दर्ज किया गया.
ये भी पढ़ें: यूपी में आज कैबिनेट विस्तार, मंत्रिमंडल में इन नए चेहरों की एंट्री तय! 3 बजे होगा शपथ ग्रहण
