Attack On BJP Leader In Lucknow: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रविवार को सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा (BJYM) के नेता चेतन तिवारी पर पुरानी रंजिश के चलते जानलेवा हमला किया गया. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई. चेतन तिवारी को गोली मारने के आरोपी वैभव बाजपेयी को पुलिस ने अवैध पिस्तौल के साथ गिरफ्तार कर लिया है.
हिरासत में गोली मारने वाला आरोपी
पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना किया और साक्ष्य जुटाने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले. फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान वैभव वाजपेयी (25 वर्ष) पुत्र संतोष कुमार वाजपेयी के रूप में हुई, जो मेहदीगंज का रहने वाला है. फिलहाल पुलिस ने आरोपी वैभव को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ कर रही है. दूसरी तरफ घायल का इलाज चल रहा है.
क्यों मारी थी गोली?
चेतन तिवारी लखनऊ के बाजार खाला इलाके के रहने वाले हैं. हमलावर वैभव वाजपेयी के साथ उनका पुराना विवाद चल रहा था. इसी के चलते वैभव ने घात लगाकर चेतन पर हमला किया. प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो, गोली चलने की आवाज सुनकर जब तक लोग मौके पर पहुंचते, आरोपी फरार होने की कोशिश कर रहा था. पुलिस ने घायल चेतन तिवारी को फौरन ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है. फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है. घायल चेतन तिवारी से मिलने डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ट्रॉमा सेंटर पहुंचे और परिजनों को कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया. पुलिस के मुताबिक चेतन की पत्नी मानसी तिवारी की तहरीर पर वैभव, हर्षित और चार-पांच अज्ञात लोगों पर हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है.
ये भी पढ़ें: बंगाल में शुभेंदु सरकार का बड़ा एक्शन! पशु तस्करों पर कसा शिकंजा; पुलिस को दिए गए सख्त निर्देश
