UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है. एक तरफ प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी, बारिश और वज्रपात ने तबाही मचाकर रखी है, तो दूसरी ओर अब भीषण गर्मी और लू का खतरा तेजी से बढ़ने लगा है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के लखनऊ आंचलिक केंद्र ने 15 मई को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया है.
दक्षिणी और बुंदेलखंड के जिलों में हीटवेव का असर
आईएमडी के अनुसार आने वाले दिनों में दक्षिणी और बुंदेलखंड के जिलों में हीटवेव का असर और अधिक तेज होगा, जबकि पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कुछ इलाकों में तेज हवाओं और बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. पिछले 24 घंटों में खराब मौसम की वजह से प्रदेश में करीब 111 लोगों की मौत और भारी नुकसान के बाद प्रशासन भी अलर्ट मोड में आ गया है.
पश्चिमी और पूर्वी यूपी में आंधी-बारिश का खतरा
जहां दक्षिणी यूपी में लू का असर बढ़ रहा है, वहीं पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मौसम खराब बना हुआ है. मौसम विभाग ने शुक्रवार सुबह तक कई इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है. कुछ स्थानों पर हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है.
लू का अलर्ट जारी
यूपी में भी गर्मी का असर तेजी से बढ़ने वाला है. लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज समेत कई जिलों में तापमान 40 डिग्री के पार जा सकता है. पश्चिमी यूपी में गर्म हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ाएंगी, जबकि पूर्वी हिस्सों में उमस भी महसूस होगी. मौसम विभाग ने दोपहर के समय जरूरी न हो तो बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है. मौसम विभाग ने शुक्रवार, 15 मई को उत्तर प्रदेश के दक्षिणी क्षेत्रों में भीषण गर्मी और लू चलने की चेतावनी दी है. विशेष रूप से निम्नलिखित जिलों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. ये जिले हैं बुंदेलखंड और आसपास के क्षेत्र.
जानिए नोएडा का हाल
नोएडा और आसपास के इलाकों में भी गर्मी तेजी से बढ़ रही है. गुरुवार को शहर में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को तापमान 39 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि शनिवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है.
मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने लू से बचाव के लिए विशेष सलाह दी है. मौसम विभाग ने बढ़ती गर्मी को देखते हुए आम जनजीवन और किसानों के लिए जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं. विशेष रूप से दोपहर 12 से 4 बजे के बीच सीधी धूप में न जाएं. अपने आप को हाइड्रेटेड रखें. पशुओं को छाया में रखें और पर्याप्त पानी दें. खड़ी फसलों में नमी बनाए रखने के लिए शाम के समय हल्की सिंचाई करें.
