हाल ही में खाने पीने से लोगों के बीमार होने के मामले में काफी तेजी देखने को मिली है. बता दें कि उत्तर प्रदेश के कन्नौज में 62 लोग कथा में बांटे गए प्रसाद को खाकर बीमार पड़ गए है. प्रसाद खाने के बाद सभी में एक उल्टी, पेट दर्द और दस्त जैसी समस्या देखने को मिली थी. एक साथ इतने सारे लोगों के बीमार होने के बाद माहौल पूरी तरीके से तनावपूर्ण हो गया. मामला कन्नौज ठठिया के सिमुआपुर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है.
पंचामृत और पंजीरी ने की हालत खराब
दरअसल, शुक्रवार की रात में मुन्ना लाल कश्यप के यहां पर सत्यनारायण भगवान की कथा का आयोजन करवाया गया था. कथा के अंत में सभी को पंचामृत और पंजीरी दी गई थी. प्रसाद खाने के बाद में अचानक सभी की हालत पूरी तरीके से खराब होने लगी, जिसके बाद सभी लोग परेशान हो गए और सभी को जल्दबाजी में पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया.
तिर्वा मेडिकल अस्पताल में रेफर
सभी लोगों में लगभग एक जैसी ही समस्या ही देखने को मिली थी. निजी अस्पताल में प्राथमिक इलाज कर सभी को एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया था. जिला अस्पताल ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि रात 10:30 बजे के करीब में 62 मरीजों को भर्ती कराया गया था. उनमें से 14 लोगों की हालत गंभीर होने के बाद में तिर्वा मेडिकल अस्पताल में रेफर कर दिया गया. अन्य मरीजों की हालत स्थिर बताई जा रही है.
इलाज में न हो कमी
घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी और अपर पुलिस अधीक्षक अस्पताल गए. मरीजों की देखभाल के लिए अतिरिक्त चिकित्सक और कर्मचारी को भी तैनात किया गया है. साथ ही इलाज में किसी भी तरीके की कमी न होने देने के निर्देश दिए गए है.
ये भी पढ़ें: कंबोडिया में नौकरी का लालच देकर बनाते थे गुलाम! NIA ने 3 को किया गिरफ्तार; मास्टरमाइंड फरार
