उत्तर प्रदेश के कानपुर में स्कूल के शिलान्यास को लेकर सपा विधायक और बीजेपी सांसद में विवाद हो गया. जिसके बाद स्कूल में पुलिस बल को तैनात किया गया है. इसके कारण बच्चे स्कूल में पढ़ने नहीं आ रहे हैं.

अखाड़े में बदला स्कूल
उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है. कानपुर के परमट में मौजूद प्राथमिक स्कूल नेताओं के विवाद के चलते अखाड़े में तब्दील हो गया है. जानकारी के मुताबिक स्कूल के शिलान्यास को लेकर सपा विधायक और बीजेपी नेता दोनों आमने-सामने हैं. बताया जा रहा है कि इस स्कूल में सिर्फ 3 कमरे बचे हैं, जिममें एक कमरा प्रधानाचार्य और 2 कमरे क्लास हैं.
लोग पढ़ने नहीं भेज रहे बच्चे
जानकारी के मुताबिक विवाद के चलते स्कूल में पुलिस की तैनाती की गई है, जिसके कारण पिछले 4 दिनों में यहां पढ़ने वाले बच्चों की संख्या काफी कम हो गई है. इन दिनों में सिर्फ 6-7 बच्चे ही स्कूल में पढ़ने पहुंचे हैं. स्कूल के प्रधानाचार्य के मुताबिक स्कूल में पुलिस की मौजूदगी और किसी भी समय विवाद की स्थिति के चलते लोग अपने बच्चों को यहां पढ़ने के लिए नहीं भेज रहे हैं.
विधायक और सांसद ने करवाया निर्माण
आपको बता दें कि आर्य नगर विधानसभा क्षेत्र में मौजूद परमट प्राइमरी स्कूल लगभग 2 सालों से जर्जर हालत में था. जिसके बाद में सपा विधायक अमिताभ बाजपेई और कानपुर सांसद रमेश अवस्थी ने अपने स्तर पर कोशिश करके स्कूल को नए स्वरूप में बदला. जिसके बाद दोनों दलों के बीच में हुए विवाद के कारण स्कूल का मामला अपनी जगह पर फंस गया. मामले को लेकर बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया का पढ़ाई को सुचारू रूप से चलाने के लिए वहां पुलिस की तैनाती की गई है.
सपा नेता ने घर पर की पूजा
जानकारी के मुताबिक स्कूल का कुछ हिस्सा अमिताभ बाजपेई की विधायक निधि से बनाया गया है और स्मार्ट क्लास सांसद निधि से बनाई गई है. आपको बता दें कि तय की गई तिथि पर अमिताभ बाजपेई को शिलान्यास को लिए स्कूल नहीं जाने दिया गया, जिसके बाद उन्होंने अपने घर पर ही हवन-पूजन करके शिलान्यास की ईंटों की पूजा की. फिलहाल दोनों नेताओं के बीच तनातनी को देखते हुए मौके पर घटना से बचाव के लिए पुलिस बल को तैनात किया गया है.
यह भी पढ़ें- राउज एवेन्यू कोर्ट से रॉबर्ट वाड्रा को राहत! लैंड स्कैम मामले में मिली जमानत; बोले- मैं निडर हूं
