MINI Cooper S Price & Features: MINI ने भारत में अपनी दमदार कार मिनी कूपर एस का ‘जीपी इंस्पायर्ड’ लिमिटेड एडिशन लॉन्च किया है, जिसकी एक्स-शोरूम कीमत 58.9 लाख रुपये है और भारत में इसकी सिर्फ 30 यूनिट ही बेची जाएंगी.

MINI Cooper S Price & Features: MINI ने भारत में अपनी नई स्पेशल एडिशन कार लॉन्च कर दी है. कंपनी ने इस बार मिनी कूपर एस का खास वेरिएंट बाजार में उतारा है. इस कार का नाम मिनी कूपर एस जीपी इंस्पायर्ड एडिशन रखा गया है. यह कार मिनी की मशहूर जीपी कार से प्रेरित बताई जा रही है, जिसे कंपनी की सबसे दमदार कारों में गिना जाता है. खास बात यह है कि भारत में इस कार की सिर्फ 30 यूनिट ही बिक्री के लिए उपलब्ध होंगी. यानी यह लिमिटेड एडिशन मॉडल होगा और हर कार पर अलग नंबर भी दिया जाएगा.
कंपनी ने इस कार की एक्स शोरूम कीमत 58.9 लाख रुपये रखी है. मिनी इंडिया ने इसकी बुकिंग भी शुरू कर दी है. ग्राहक 1.5 लाख रुपये का टोकन अमाउंट देकर इसे बुक कर सकते हैं. कंपनी ने इस कार को सिर्फ एक खास रंग में पेश किया है. यह कार लेजेंड ग्रे कलर में आएगी. इसके साथ कई जगह रेड कलर की स्टाइलिंग भी देखने को मिलेगी. कार की छत, ओआरवीएम और बॉडी पर रेड डिजाइन इसे अलग लुक देती है. लिमिटेड एडिशन होने की वजह से यह कार काफी खास मानी जा रही है.
इस स्पेशल एडिशन कार में कई एक्सक्लूसिव डिजाइन एलिमेंट्स दिए गए हैं. कार के बोनट और साइड हिस्से पर रेड स्ट्रिप्स दी गई हैं. वहीं दरवाजों पर जीपी इंस्पायर्ड बैजिंग भी लगाई गई है. इसमें 18 इंच के खास जीसीडब्ल्यू अलॉय व्हील्स मिलते हैं. इनके साथ रेड सेंटर कैलिपर भी दिए गए हैं. हर कार पर यूनिक नंबर भी लिखा होगा, जिससे पता चलेगा कि वह 30 यूनिट्स में कौन सी कार है. कंपनी ने इस मॉडल को स्टैंडर्ड वेरिएंट से अलग दिखाने के लिए डिजाइन पर खास ध्यान दिया है.
फीचर्स की बात करें तो इस कार में कई प्रीमियम सुविधाएं दी गई हैं. इसमें लेवल-1 एडीएएस टेक्नोलॉजी मिलती है. साथ ही 9.4 इंच का इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया गया है. कार में हरमन कार्डन ऑडियो सिस्टम और हेड्स अप डिस्प्ले जैसे फीचर्स भी शामिल हैं. इसके अलावा केबिन को भी स्पोर्टी लुक देने की कोशिश की गई है. कंपनी का कहना है कि यह कार परफॉर्मेंस और लग्जरी दोनों का शानदार कॉम्बिनेशन है.
मिनी कूपर एस जीपी इंस्पायर्ड एडिशन में 2.0 लीटर का टर्बो पेट्रोल इंजन दिया गया है. यह इंजन 204 बीएचपी की पावर और 300 एनएम का टॉर्क पैदा करता है. कार में 7 स्पीड डीसीटी ट्रांसमिशन मिलता है. कंपनी के अनुसार यह कार सिर्फ 6.6 सेकंड में 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है. दमदार इंजन और लिमिटेड एडिशन डिजाइन की वजह से यह कार ऑटोमोबाइल प्रेमियों के बीच काफी चर्चा में है.
