UP Rain Alert Today: यूपी में नौतपा के बीच पिछले 2 दिनों से आंधी-तूफान और बारिश के कारण मौसम बदल गया है. शनिवार को लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली. बारिश और तेज हवाओं के चलते अधिकतम तापमान नीचे आ गया. मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक राज्य के पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां जारी रह सकती हैं.
अगले 24 घंटे भारी
अगले 24 घंटों के लिए यूपी के कई हिस्सों में 40 से 60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज आंधी, बिजली कड़कने और बारिश का अलर्ट जारी किया है. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, 31 मई के बाद इस सिस्टम में कमी आएगी और जून के पहले हफ्ते से तापमान में दोबारा 6 से 8 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी. एक जून से बारिश की संभावना है. सहारनपुर में भारी बारिश हो सकती है. लखनऊ, वाराणसी और प्रयागराज समेत 20 जिलों में 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
बारिश और आंधी का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में IMD ने अगले 2 दिनों में बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की है. इस दौरान तेज हवाएं चलेंगी. बिजली गिरने का अनुमान है. ओले भी पड़ सकते हैं. 31 मई को कई इलाकों में बारिश, तेज हवाएं और बिजली चमकने की संभावना है. कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है. वहीं 1 जून को भी कई जगहों पर हल्की बारिश या बौछारें पड़ने के आसार बने हुए हैं.
तापमान में भारी गिरावट
हाल ही में बांदा में तापमान 47.5°C तक पहुंच गया था, जो अब गिरकर लगभग 36°C के आसपास आ गया है. राज्य का औसत अधिकतम तापमान आज 32°C और न्यूनतम तापमान 24°C रहने का अनुमान है.
मौसम विभाग और प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें और सुरक्षित स्थानों पर रहें. आंधी और बिजली चमकने के समय खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें. किसानों को फसल और पशुओं की सुरक्षा के इंतजाम करने की सलाह दी गई है.
ये भी पढ़ें: CBSE ने लिया बड़ा फैसला, अगले साल से उत्तर पुस्तिका होगी ऑनलाइन उपलब्ध, जानें किस एप में दी जाएगी यह सुविधा
