बिहार के मुजफ्फरपुर में 6 आपराधिक मामलों में शामिल रहे एक बदमाश की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी. पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है और मृतक के संपर्कों से पूछताछ कर रही है.

मुजफ्फरपुर में सनसनीखेज वारदात
बिहार के मुजफ्फरपुर से एक बड़ी वारदात सामने आई है. यहां लगभग 6 आपराधिक मामलों में नामजद रहे गोविंद शर्मा की अज्ञात बदमाशों ने हत्या कर दी. जानकारी के मुताबिक अज्ञात हथियारबंद बदमाशों ने गोली मारकर गोविंद शर्मा की हत्या की है. इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और लगातार कारणों का पता लगी रही है.
बेसमेंट में मारी गोली
जानकारी के मुताबिक यह घटना रविवार रात को शहर के अमर सिनेमा रोड पर मौजूद आइकॉन टावर्स अपार्टमेंट के बेसमेंट में हुई है. यहां गोविंद शर्मा किराए के अपार्टमेंट में रहता था. बताया जा रहा है कि रात लगभग 9.45 से 10 बजे के बीच में गोविंद बेसमेंट में मौजूद था, इसी दौरान उसके ऊपर अज्ञात बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
घटनास्थल से कारतूस बरामद
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई. घटनास्थल से 5 जिंदा कारतूस और 6 खाली खोखे बरामद किए गए हैं. इस घटना के बाद फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है. पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचा जा सकेगा. पुलिस ने बताया कि मृतक गोविंद का भी आपराधिक इतिहास रहा है.
मृतक का भी था आपराधिक इतिहास
पुलिस के मुताबिक गोविंद के खिलाफ 6 आपराधिक मामले दर्ज थे और वह मुजफ्फरपुर के पूर्व मेयर समीर कुमार हत्याकांड और प्रॉपर्टी डीलर आशुतोष साहू की हत्या में भी आरोपी रह चुका था. पुलिस इस मामले में लगातार कार्रवाई कर रही है. पुलिस की टीम गोविंद के संपर्कों की भी जांच कर रही है, जिससे इस घटना का खुलासा किया जा सके. मामले की जांच के लिए SIT की गठन किया गया है.
यह भी पढ़ें- पहले जीता भरोसा, फिर ले गई बच्चा! GTB अस्पताल से 7 महीने के मासूम का अपहरण; जांच में जुटी पुलिस
