पंजाब के जालंधर में हंसराज स्टेडियम में बैडमिंटन खेल रहे एक खिलाड़ी को अचानक हार्ट अटैक आ गया. जिसके बाद वहां मौजूद डॉक्टरों ने व्यक्ति की जान बचाई. इस मामले की वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

बैडमिंटन खेलते हुए आया हार्ट अटैक
पंजाब के जालंधर से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. जालंधर के हंसराज स्टेडियम में बैडमिंटन खेल रहे एक खिलाड़ी को अचानक हार्ट अटैक आ गया. जिससे स्टेडियम में हड़कंप मच गया. हालांकि इस दौरान स्टेडियम में मौजूद डॉक्टरों की तत्परता और सूझबूझ के कारण खिलाड़ी की जान बाल-बाल बच गई. इस मामले का वीडियो भी सामने आया है.
डॉक्टरों ने शुरू की कार्रवाई
हादसे के वीडियो में डॉक्टर मैदान में ही खिलाड़ी का इलाज करते हुए नजर आ रहे हैं. जानकारी के मुताबिक दीपक पुजारा नाम का खिलाड़ी स्टेडियम में बैडमिंटन खेल रहा था. इसी दौरान अचानक से खिलाड़ी की तबीयत बिगड़ी और उसे हार्ट अटैक आया जिससे वह जमीन पर गिर गया. कुछ ही समय में स्टोडियम में मौजूद डॉ. नीतीश गर्ग और डॉ. पीयूष शर्मा ने स्थिति को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी.
खिलाड़ी को दिया CPR
डॉक्टरों ने मेडिकल टीम को जरूरी उपकरण और इमरजेंसी किट के साथ मौके पर बुलाया. टीम के आने से पहले ही दोनों डॉक्टरों ने खिलाड़ी दीपक पुजारा को प्राथमिक उपचार देना शुरू कर दिया. डॉ. नीतीश गर्ग ने दीपक को CPR देना शुरू किया. जिसके बाद भी खिलाड़ी की स्थिति गंभीर बनी रही, जिसके बाद डॉक्टरों ने कार्डियक इमरजेंसी प्रबंधन किया. इस कार्रवाई का असर हुआ.
खिलाड़ी को भेजा गया अस्पताल
कार्डियक इमरजेंसी प्रबंधन के बाद दीपक की हालत में सुधार हुआ. इतनी देर में मेडिकल टीम भी मौके पर पहुंच गई और दोनों डॉक्टरों ने खिलाड़ी को फर्स्ट एड दी. जिससे उसकी स्थिति स्थिर हो गई और खिलाड़ी को एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल भेज दिया. इस मामले का वीडियो अब सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है. अस्पताल में खिलाड़ी का लगातार इलाज जारी है.
यह भी पढ़ें- बाथरूम की तोड़ी खिड़की और भाग गए! रीवा के बाल संप्रेक्षण गृह से 6 अपचारी फरार, तलाश में जुटी पुलिस
