उत्तर प्रदेश के हरदोई में SDM के ऊपर गांव वालों ने पथराव कर दिया. इस दौरान SDM सुशील मिश्रा को गंभीर चोट आई है. जिससे उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है. गांव में भारी पुलिस बल को तैनात किया गया है.

हरदोई में SDM पर पथराव
उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के एक गांव में लोगों ने उपजिलाधिकारी (SDM) के ऊपर हमला कर दिया. जानकारी के मुताबिक SDM सुशील कुमार मिश्रा परियल गांव में राशन की दुकान और बाढ़ राहत कार्यों का निरीक्षण करने के लिए गए हुए थे. इसी दौरान उनके ऊपर गांव वालों ने हमला कर दिया. इस घटना में SDM गंभीर रूप से घायल हुए हैं, वहीं सरकारी वाहन को भी नुकसान हुआ है.
राशन की दुकान का किया औचक निरीक्षण
इस घटना के बाद गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. बताया जा रहा है कि SDM सुशील कुमार मिश्रा सोमवार को बाढ़ राहत और बचाव कार्यों का निरीक्षण करने के लिए गांव में पहुंचे थे. जिसके बाद वे परियल गांव से वापस लौट रहे थे, इसी दौरान उन्होंने गांव में संचालित हो रही एक राशन की दुकान का निरीक्षण कर लिया. इस दौरान अधिकारियों को जांच में कुछ अनियमितताएं मिली.
गांव वालों ने शुरू कर दिया पथराव
इसी दौरान उदयवीर नाम के व्यक्ति से अधिकारियों की बहस हो गई. बताया जा रहा है कि जिसके बाद अधिकारियों ने व्यक्ति को हिरासत में लेने की कोशिश की. इसी दौरान व्यक्ति ने फोन करके अपने साथियों और गांव वालों को मौके पर बुला लिया. जब SDM का काफिला गांव के बाहर निकलने लगा, इसी दौरान गांव वाले लाठी-डंडों और पत्थरों के साथ मौके पर पहुंचे और सरकारी वाहनों को घेरकर पथराव शुरू कर दिया.
SDM के सिर में आए 5 टांके
बताया जा रहा है कि इस दौरान एक पत्थर SDM सुशील मिश्रा के सिर में जा लगा है. जिसके चलते उनके सिर में 5 टांके लगाए गए हैं. इस घटना के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है. मामले में जानकारी देते हुए जिलाधिकारी अनुनय झा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.
यह भी पढे़ं- नेपाल बॉर्डर से किया गिरफ्तार! पूर्व TMC नेता जहांगीर खान की कोर्ट में हुई पेशी; कड़ी सुरक्षा का घेरा
