उत्तर प्रदेश में पुलिस और मेटा की सूझबूझ से एक व्यक्ति की जान बच पाई है. दोनों के समन्वय से 25 वर्षीय युवक को समय रहते अस्पताल पहुंचाने से उसकी जान बच पाई. दोनों ने मिलकर तुरंत कार्रवाई की इसी वजह से युवक आज अपने परिवार के संग मौजूद है.
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को शाम के समय में मेटा ने पुलिस मुख्यालय स्थित सोशल मीडिया के सेंटर पर ‘सुसाइडल अलर्ट’ अलर्ट भेजा था, जिसके बाद महानिदेशक के निर्देश पर सोशल मीडिया सेंटर से युवक का मोबाइल नंबर और लोकेशन उपलब्ध कराया गया. इसके बाद मेरठ पुलिस को सूचना दी गई. दरअसल, 7 जून को सरधना क्षेत्र निवासी एक युवक ने वीडियो पोस्ट किया था. इसमें वह सफेद रंग का तरल पदार्थ पी रहा था. साथ ही वीडियो में लिखा कि ‘अब तुम खुश रहना अपनी लाइफ में.’
सरधना थाना पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तुरंत कार्रवाई की और युवक के घर में उसकी खोजबीन की. युवक अपने कमरे में गंभीर हालत में था. साथ ही उसके पास से एक तरल पदार्थ की शीशी में मिली है, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए परिवार की मदद से युवक को अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों ने उसका इलाज किया, जिसके बाद उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है.
युवक की हालत सामान्य होने के बाद में उससे पूछताछ की गई, जिसमें उसने बताया कि प्रेम संबंध के टूटने की वजह से वह मानसिक तनाव में था. इसी कारण उसने खुद को मारने की कोशिश की. पुलिस ने युवक को काउंसलिग के लिए भेजा है. साथ ही परिवार वालों को जानकारी मुहैया कराई है.
ये भी पढ़ें: UP Panchayat Chunav: OBC आयोग करेगा सभी जिलों का दौरा, पंचायत चुनाव को लेकर जुटाएगा आंकड़े
