उत्तर प्रदेश के बरेली में नगर निगम ने बकाया टैक्स वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है. नगर निगम ने टैक्स वसूली को लेकर विशेष टीमों का गठन किया है, जो लिस्ट के आधार पर कार्रवाई करेंगी.

नगर निगम ने चिह्नित किए लोग
उत्तर प्रदेश के बरेली में नगर निगम ने हाउस टैक्स और वाटर टैक्स के साथ सीवर टैक्स जमा न करने वाले बड़े बकायदारों के खिलाफ अब फैसला लिया है. बरेली में लगभग 20 हजार से ज्यादा ऐसे लोगों को चिह्नित किया गया है, जिन्होंने लंबे समय से निगम में टैक्स नहीं जमा किया है. बताया जा रहा है कि इन लोगों पर नगर निगम का लगभग 20 करोड़ रुपया बकाया है.
कुर्की और सीलिंग की होगी कार्रवाई
जानकारी के मुताबिक कई बार नोटिस देने के बाद भी लोगों ने टैक्स जमा नहीं किया है, जिसके बाद निगम ने कुर्की और सीलिंग जैसी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है. अधिकारियों के मुताबिक पिछले कई सालों से वसूली की कोशिश की जा रही है, लेकिन लोग इसपर ध्यान नहीं दे रहे हैं. जिसके बाद अब अभियान चलाने का फैसला लिया गया है. आपको बता दें कि नगर निगम के रिकॉर्ड में लगभग 20 हजार बकाया करदाता हैं.
निगम को झेलना पड़ रहा नुकसान
बताया जा रहा है कि इन लोगों में से लगभग 4 हजार व्यावसायिक प्रतिष्ठान और 7 हजार ऐसे भवन हैं, जिनका इस्तेमाल आवासीय और व्यावसायिक दोनों के लिए किया जा रहा है. अधिकारियों का कहना है कि सबसे ज्यादा टैक्स व्यावसायिक और मिश्रित इस्तेमाल वाली संपत्तियों पर है. कई सालों से टैक्स न जमा करने के कारण नगर निगम को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है.
टीमों का किया गया गठन
टैक्स को वसूलने के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है. बताया जा रहा है कि टीमें लिस्ट के आधार पर कार्रवाई करेंगी. पहले बड़े बकायेदारों को नोटिस दिया जाएगा और उसके बाद संपत्तियों को सील और कुर्क करने की प्रक्रिया को शुरू किया जाएगा. अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे सभी लोग जल्दी ही बकाया टैक्स को जमा कर दें, जिससे उन्हें परेशानियों का सामना न करना पड़े.
यह भी पढ़ें- राजधानी में टला बड़ा सड़क हादसा! तेज रफ्तार कार ने मारी महिला को टक्कर; CCTV में कैद हुई घटना
