Uttarakhand STF Big Operation: उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने देश की सुरक्षा को चुनौती देने वाली एक बहुत बड़ी अंतरराष्ट्रीय साजिश का समय रहते भंडाफोड़ कर दिया है. एसटीएफ की टीम ने उधमसिंहनगर जिले के गदरपुर क्षेत्र में एक बेहद गुप्त और सटीक इनपुट के आधार पर दबिश देकर राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में सक्रिय रूप से लिप्त संदिग्ध मोहम्मद सलाउद्दीन को गिरफ्तार किया है.
घातक हथियारों का जखीरा बरामद
आरोपी के पास से आधुनिक हथियार, डेटोनेटर और प्रतिबंधित कारतूस बरामद किए गए हैं, जो राज्य के साथ-साथ देश के अन्य हिस्सों में किसी बड़े हमले या अशांति फैलाने के इरादे से छिपाकर रखे गए थे.गिरफ्तारी के बाद एसटीएफ की स्पेशल विंग ने देर रात आरोपी मोहम्मद सलाउद्दीन को साथ लेकर उसके संदिग्ध ठिकानों पर सघन सर्च ऑपरेशन चलाया. आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने छिपाकर रखे गए घातक हथियारों का जखीरा बरामद किया. बरामद किए गए सामान में 1 अत्याधुनिक इंग्लिश पिस्तौल और 5 जिंदा कारतूस,04 मिलिट्री ग्रेड डेटोनेटर (विस्फोटक को एक्टिवेट करने वाले डिवाइस), 02 प्रतिबंधित AK-47 राइफल के कारतूस शामिल हैं. इतनी संवेदनशील सामग्री की बरामदगी ने सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े कर दिए हैं.
पाकिस्तान-मलेशिया कनेक्शन
एसटीएफ की प्राथमिक पूछताछ और तकनीकी छानबीन में जो खुलासे हुए हैं, वे बेहद चौंकाने वाले हैं. आरोपी सलाउद्दीन सीधे तौर पर पाकिस्तान के खुफिया आकाओं के संपर्क में था. यह पूरा नेटवर्क पाकिस्तान द्वारा मलेशिया में बैठे एक मुख्य हैंडलर के जरिए संचालित किया जा रहा था.
युवाओं का किया जा रहा था ब्रेनवॉश
जांच अधिकारियों के मुताबिक, मोहम्मद सलाउद्दीन सोशल मीडिया के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले एन्क्रिप्टेड ऐप्स जैसे सिग्नल (Signal) और टेलीग्राम (Telegram) का इस्तेमाल कर रहा था. वह इसके जरिए उत्तराखंड और आस-पास के राज्यों के स्थानीय युवाओं से संपर्क साधकर उन्हें कट्टरपंथी (ब्रेनवॉश) बनाने के मिशन पर था.
BNS और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज
एसटीएफ उत्तराखंड ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर और राष्ट्रविरोधी धाराओं के साथ-साथ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) के तहत मामला दर्ज कर लिया है.
सुरक्षा एजेंसियां अब सलाउद्दीन के पूरे लोकल नेटवर्क, हथियारों की सप्लाई चेन और उसके बैंक खातों में विदेशों से आए संदिग्ध फंड (टेरर फंडिंग) की कड़ियों को जोड़ने में जुट गई हैं.
ये भी पढ़ें: बीजेपी के पूर्व सांसद बृजभूषण ने खोला मोर्चा, अयोध्या की पाबंदियों को बताया हार का कारण
