गुजरात के सुरेंद्रनगर में समलैंगिक संबंधों की इच्छा में एक युवक के हनीट्रैप में फंसने की खबर सामने आई है. दरअसल, युवक ने गे-डेटिंग एप डॉउनलोड किया था. समाज में अभी समलैंगिक रिश्तों को पाप की तरह ही लिया जाता है. इसी कारण से युवक ने अपनी भवनाओं को समझने वाले युवक को ढूंढने के लिए गे-डेटिंग एप पर प्रोफाइल बनाया. हालांकि, यह एप उसे ट्रेप में फंसा देगा, ऐसा उसने कभी नहीं सोचा था.
दोस्ती को बढ़ाने के लिए मेल-मिलाप
दरअसल, गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले में स्थित तालुका निवासी एक युवक ने दोस्ती करने के लिए गे-डेटिंग एप को डॉउनलोड किया था. एप पर उसकी बातचीत एक व्यक्ति से हुई. धीरे-धीरे बातचीत आगे बढ़ी. दोस्ती को और मजबूत करने के लिए युवक ने मिलने का प्लान बनाया. डेटिंग एप पर मिले व्यक्ति ने युवक को मिलने के लिए सुरेंद्रनगर बुलाया. दोनों ने मिलने के लिए सुरेंद्रनगर मेडिकल कॉलेज के पीछे बने एक सुनसान मकान को चुना. हालांकि, जगह डेटिंग एप पर मिले व्यक्ति ने ही चुनी थी.
7 लोग मौके पर पहले से ही थे मौजूद
जैसे ही युवक अंदर गया. वहां पहले से 7 लोग मौजूद दिखाई दिए. हालांकि, पीड़ित को पहले ही पता चला गया था कि मामले में कुछ गड़बड़ी है. कमरे में जाते ही आरोपियों ने पहले उसके साथ मारपीट की. उसके बाद उसके प्राइवेट फोटो क्लिक किए. वीडियो को वायरल कर देने की धमकी देकर युवक से 31 हजार रुपये भी वसूले गए. हालांकि, पीड़ित ने आरोपियों की ब्लैकमेलिंग से डरने की बजाए, उनका सामना किया और पुलिस में जाकर मामला दर्ज करवाया.
कुछ ही घंटे में आरोपियों को पकड़ा
सुरेंद्रनगर सिटी ए-डिवीजन थाना क्षेत्र की पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की और आरोपियों को कुछ ही घंटे में पकड़ लिया. जांच में सामने आया कि एक आरोपी पर पहले से दो हनीट्रेप के केस हो रखे हैं. आरोपियों की पहचान समीर कोडिया, शक्ति बाजीपरा, साहिल चौहान, भार्गव परमार, समीर कोडिया, फरदीन शेख, अंकित त्यागी और समीर दीवान के रूप में की है. पुलिस ने पीड़ित से वसूले गए पैसे भी बरामद कर लिए है.
पुलिस ने की लोगों से न डरने की अपील
युवक की बहादुरी के बाद पुलिस ने लोगों से अपील की हैं कि अगर कोई भी ऐसे किसी फ्रॉड का शिकार हुआ है या उसमें फंसा हुआ है. तो तुरंत पुलिस से संपर्क करें. ऐसे गिरोह केवल एक को ही नहीं बल्कि कई लोगों को अपना शिकार बनाते हैं. कई बार तो बदनामी और आरोपियों को पैसे न देने पाने की हालत होने के कारण आत्महत्या कर लेते हैं. जितनी जल्दी पुलिस को जानकारी होगी, वह उतनी जल्दी आपकी मदद कर पाएंगे.
