CM Yogi Ayodhya Visit: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अयोध्या में आगमन होगा. उनके दौरे के दौरान कई परियोजनाओं का लोकार्पण किया जाएगा, जिसमें रामायण वैक्स म्यूजियम और अन्य विकास कार्य शामिल हैं. इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों में भी भाग लेंगे. मुख्यमंत्री अपने इस व्यस्त कार्यक्रम के दौरान अयोध्या धाम और रुदौली विधानसभा क्षेत्र को विकास की एक बहुत बड़ी और ऐतिहासिक सौगात सौंपने जा रहे हैं.
Cm लगाएंगे हनुमानगढ़ी और रामलला के दरबार में हाजिरी
अयोध्या पहुंचने के बाद सीएम योगी सबसे पहले हनुमानगढ़ी और रामलला के दरबार में हाजिरी लगाकर दर्शन-पूजन करेंगे. इसके बाद वे मणिरामदास छावनी पहुंचकर श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास के जन्मोत्सव कार्यक्रम में शामिल होंगे और संतों का आशीर्वाद लेंगे. वे जैन मंदिर में आयोजित एक अन्य धार्मिक कार्यक्रम में भी शिरकत करेंगे
सीएम करेंगे 47 परियोजनाओं का लोकार्पण
मुख्यमंत्री आज कुल 47 परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे, जिस पर ₹25.31 करोड़ की लागत आई है. इनमें रामायण वैक्स म्यूजियम, नगर निगम का नया जोनल प्रशासनिक भवन, 10 ओपन जिम, मल्टीलेवल कार पार्किंग, इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) और स्मार्ट स्कूल प्रोजेक्ट्स प्रमुख हैं.
291 करोड़ रुपये की 245 विकास परियोजनाएं
मुख्यमंत्री के इस दौरे का मुख्य आकर्षण अयोध्या धाम को मिलने वाली ₹291 करोड़ रुपये की 245 विकास परियोजनाएं हैं, जिसका मुख्य समारोह काशीराम कॉलोनी के निकट नवनिर्मित रामायण वैक्स म्यूजियम परिसर में आयोजित किया जाएगा. नगर निगम अयोध्या ने इस भव्य कार्यक्रम की सभी प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली हैं. राम नगरी के भविष्य के बुनियादी ढांचे को और मजबूत करने के लिए सीएम योगी लगभग ₹264 करोड़ की लागत वाली 198 नई परियोजनाओं की आधारशिला (शिलान्यास) भी रखेंगे. इन आगामी प्रोजेक्ट्स में शामिल हैं. माझा जमथरा क्षेत्र में जलभराव रोकने के लिए आधुनिक पंपिंग स्टेशन का निर्माण, कामकाजी महिलाओं के लिए 74 बेड क्षमता का ‘वर्किंग वुमन हॉस्टल’, खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए ₹17.83 करोड़ की लागत वाला अत्याधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और जल निकासी को मजबूत करने के लिए नालों का निर्माण, तालाबों का सुंदरीकरण, नए पार्क, चमचमाती सड़कें और श्रद्धालुओं के लिए भव्य यात्री निवास.
मां कामाख्या धाम में भी बरसेगी सौगात
अयोध्या धाम के विकास कार्यों को गति देने के बाद मुख्यमंत्री रुदौली विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मां कामाख्या धाम नगर पंचायत पहुंचेंगे. यहां वे ₹25 करोड़ से ज्यादा की विभिन्न जनोपयोगी विकास परियोजनाओं की सौगात क्षेत्रवासियों को देंगे. सीएम योगी यहां महान स्वतंत्रता सेनानी वीरांगना झलकारी बाई कोरी की भव्य मूर्ति का अनावरण करेंगे. वे क्षेत्र को आधुनिक आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज, बाबा बाजार में बने नवीन थाना भवन और भेलसर व फेलसंडा रुदौली में निर्मित ‘राजस्ट्री भवन’ और ‘मंडलीय प्रयोगशाला भवन’ का आधिकारिक लोकार्पण कर जनता को समर्पित करेंगे.
ये भी पढ़ें: हिमाचल में फिर मातम, 500 मीटर गहरी खाई में समाई बोलेरो, 7 लोगों की मौत
