भोजपुर के भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में CBI जांच की मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट आज सुनवाई करेगा. इस एनकाउंटर को फर्जी बताते हुए मामले में CBI जांच को लेकर याचिका दायर की गई है.

भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में SC में सुनवाई
बिहार के भोजपुर जिले में हुए भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले में लगातार लोग सवाल उठा रहे हैं. इस मामले में सीबीआई जांच की मांग वाली याचिका पर सुप्रीम कोर्ट आज सुनवाई करने वाला है. बताया जा रहा है कि यह याचिका विशाल तिवारी ने दायर की है. याचिका में एक एनकाउंटर को फर्जी बताते हुए इस मामले में शामिल पुलिसकर्मियों के खिलाफ FIR दर्ज करने और CBI से जांच कराने के लिए अदालत से गुहार लगाई गई है.
दायर की गई याचिका
आपको बता दें कि भोजपुर जिले के शाहपुर के बिलौटी गांव के निवासी भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में CBI जांच को लेकर दायर की गई याचिका में कहा गया है कि इस तरह के मामलों में कानून के शासन और लोगों के मौलिक अधिकारों की रक्षा के लिए निष्पक्ष जांच जरूरी है. आपको बता दें कि याचिका में मांग की गई है कि मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज की अध्यक्षता में कराई जाए.
पुलिस की कार्रवाई पर उठ रहे सवाल
भरत भूषण तिवारी की मौत में पुलिस की कार्रवाई के तरीके और इस मामले की जांच के ऊपर कई तरह के गंभीर सवाल उठ रहे हैं. आपको बता दें कि इस मामले में 18 जून को मृतक भरत भूषण तिवारी की मां ने शाहबाद के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, शाहपुर के तत्कालीन थाना प्रभारी और दूसरे पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने के लिए लिखित शिकायत दी थी.
परिवार के गंभीर आरोप
मामले में परिवार का आरोप है कि पुलिस ने 4 दिन बाद मीडिया का दबाव बढ़ने पर मामले में FIR दर्ज की. आपको बता दें कि इस मामले में शाहबाद रेंज के DIG सत्यप्रकाश जांच कर रहे हैं. हालांकि उनकी जांच प्रक्रिया पर भी पीड़ित परिवार लगातार सवाल उठा रहा है. अब इस मामले में CBI जांच की मांग को लेकर आज सुप्रीम कोर्ट सुनवाई करने वाला है.
यह भी पढ़ें- आस्था को राजनीति से दूर रखें…, राम मंदिर दान चोरी मामले में बोलीं मायावती; कहा- पुख्ता व्यवस्था की जाए
