UP SP Congress alliance: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सपा प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा सहारनपुर की दो सीटों पर उम्मीदवार उतारने से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद नाराज हो गए हैं. सीट बंटवारे की बातचीत के बीच उठे इस विवाद ने दोनों नेताओं की 2007 से चली आ रही पुरानी सियासी अदावत और पारिवारिक खींचतान को फिर से सतह पर ला दिया है.

UP SP Congress alliance: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सपा और कांग्रेस के गठबंधन में दरार दिखने लगी है. 2024 के लोकसभा चुनाव में अखिलेश यादव और राहुल गांधी की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन किया था. अब आगामी चुनाव के लिए दोनों दलों ने साथ लड़ने की योजना बनाई थी. सीट बंटवारे पर दो दौर की बातचीत भी पूरी हो चुकी थी. लेकिन मंगलवार देर शाम अखिलेश यादव ने पांच सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए. इनमें सहारनपुर की बेहट और सहारनपुर देहात सीटें भी शामिल हैं. इस फैसले से कांग्रेस खेमा नाराज है और सांसद इमरान मसूद ने सीधा मोर्चा खोल दिया है.
सहारनपुर की सीटों पर सीधा टकराव
सहारनपुर को इमरान मसूद का मजबूत गढ़ माना जाता है. जिले की सात विधानसभा सीटों को लेकर दोनों नेताओं के बीच सीधी खींचतान है. कांग्रेस यहां की पांच सीटों पर अपना दावा ठोक रही थी और मसूद अपने करीबियों को टिकट दिलाना चाहते थे. लेकिन अखिलेश यादव ने बेहट से मौजूदा विधायक उमर अली खान और सहारनपुर देहात से आशु मलिक को फिर से मैदान में उतार दिया. इस कदम से साफ हो गया है कि सपा अपनी जीती हुई सीटें छोड़ने के मूड में नहीं है. इमरान मसूद ने भी सवाल उठा दिया है कि सपा की असली लड़ाई भाजपा से है या उनसे.
पारिवारिक मोर्चे तक पहुंची सियासी जंग
दोनों नेताओं के बीच का यह तनाव अब सिर्फ चुनावी सीटों तक सीमित नहीं रहा है. अगस्त 2026 में अखिलेश यादव ने इमरान मसूद के दामाद शायान मसूद और उनके पिता शाजान मसूद को कांग्रेस से तोड़कर सपा में शामिल कर लिया था. शायान पूर्व केंद्रीय मंत्री काजी रशीद मसूद के पोते हैं. 2024 के चुनाव में उन्होंने अपने ससुर इमरान के लिए प्रचार भी किया था. सपा में आने के बाद से शायान लगातार इमरान मसूद के खिलाफ मुखर हैं. इसे मसूद को उनके ही घर में घेरने की बड़ी रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है.
साल 2007 से शुरू हुई थी कड़वाहट
इमरान मसूद अपने चाचा काजी रशीद मसूद की उंगली पकड़कर राजनीति में आए थे. रशीद मसूद सपा के बड़े नेता थे, लेकिन इमरान को पार्टी में कभी खास अहमियत नहीं मिली. 2007 के विधानसभा चुनाव में इमरान ने मुजफ्फराबाद सीट से सपा का टिकट मांगा था. मुलायम सिंह यादव ने आश्वासन भी दिया, लेकिन बाद में चाचा रशीद मसूद के प्रभाव के चलते टिकट जगदीश राणा को दे दिया गया. इसके बाद इमरान ने बगावत कर दी और निर्दलीय चुनाव लड़कर जीत हासिल की. यहीं से काजी परिवार और सपा के बीच सियासी जंग की शुरुआत हुई थी.
बार-बार बदलते रहे सियासी समीकरण
साल 2012 के चुनाव में भी सपा ने इमरान मसूद को टिकट देने का भरोसा देकर ऐन वक्त पर फिरोज आफताब को प्रत्याशी बना दिया. नाराज होकर वह कांग्रेस में चले गए. 2014 के लोकसभा चुनाव में भी चाचा रशीद मसूद की वापसी के कारण सपा ने इमरान की जगह उनके बेटे शाजान को टिकट दे दिया. 2022 के विधानसभा चुनाव से ठीक पहले इमरान फिर सपा में लौटे, लेकिन अखिलेश यादव ने न उन्हें टिकट दिया और न ही उनके करीबी विधायक मसूद अख्तर को. इसके बाद वह बसपा में गए और वहां से निकाले जाने पर वापस कांग्रेस में आ गए.
2024 के बाद फिर आमने-सामने दोनों नेता
2024 के लोकसभा चुनाव में भी अखिलेश यादव सहारनपुर सीट कांग्रेस को नहीं देना चाहते थे. लेकिन प्रियंका गांधी के दखल के बाद वह माने और इमरान मसूद सांसद बने. जीत के बाद मसूद ने सपा के एमएलसी शहनवाज खान को अपने पाले में लाकर अखिलेश को बड़ा झटका दिया. साथ ही उन्होंने सपा की मुस्लिम राजनीति पर भी सवाल उठाए. अब सपा की पहली सूची जारी होने के बाद इमरान मसूद के भतीजे हमजा नोमान मसूद ने सहारनपुर की सभी सात सीटों पर चुनाव लड़ने के संकेत दिए हैं. इससे गठबंधन की राह और मुश्किल हो गई है.
